भारत नॉलेज ग्राफ का भी किया जिक्र
डॉ. अदाणी ने भारत नॉलेज ग्राफ का उल्लेख करते हुए बताया कि अदाणी समूह ने इस पहल के लिए एक करोड़ अमेरिकी डॉलर देने की प्रतिबद्धता जताई है। इसका उद्देश्य भारत की प्राचीन सभ्यता और ज्ञान परंपरा से जुड़ी जानकारी को विभिन्न विषयों के शोधकर्ताओं और विद्वानों के लिए सुलभ बनाना है। इसके माध्यम से 14 शोधकर्ताओं को डॉक्टरेट की पढ़ाई में भी सहयोग दिया जा रहा है।
2050 तक वैश्विक उत्पादन में भारत की हिस्सेदारी 13.1 प्रतिशत होने का अनुमान
संयुक्त राष्ट्र के सस्टेनेबल डेवलपमेंट सॉल्यूशंस नेटवर्क के अध्यक्ष और कोलंबिया विश्वविद्यालय के सेंटर फॉर सस्टेनेबल डेवलपमेंट के निदेशक प्रो. जेफ्री डी. सैक्स ने 'द रिटर्न ऑफ अ मल्टीपोलर वर्ल्ड' विषय पर संबोधन दिया। उन्होंने वैश्विक अर्थव्यवस्था में बदलते शक्ति संतुलन और भारत की बढ़ती भूमिका पर चर्चा की।
उन्होंने बताया कि वैश्विक उत्पादन में भारत की हिस्सेदारी वर्ष 2000 में 5.2 प्रतिशत थी, जो 2026 में बढ़कर 8.5 प्रतिशत हो गई है। अनुमान है कि यह हिस्सेदारी वर्ष 2050 तक 13.1 प्रतिशत और 2100 तक 15.1 प्रतिशत हो जाएगी। उनके अनुसार आने वाले समय में वैश्विक आर्थिक शक्ति का केंद्र एशिया और अफ्रीका की ओर बढ़ेगा। वहीं, वर्ष 2100 तक वैश्विक अर्थव्यवस्था में अमेरिका, कनाडा और यूरोप की संयुक्त हिस्सेदारी घटकर 13.7 प्रतिशत रह सकती है।
प्रो. सैक्स ने सतत विकास के क्षेत्र में अदाणी समूह और अदाणी फाउंडेशन के कार्यों की सराहना की। उन्होंने भारत में बुनियादी ढांचे के विस्तार और आर्थिक विकास में अदाणी समूह की भूमिका का भी उल्लेख किया।
कारोबार के साथ सामाजिक जिम्मेदारी भी जरूरी
बातचीत के दौरान प्रो. सैक्स ने परिवार के नाम से संचालित कारोबार की जिम्मेदारियों पर भी विचार रखे। उन्होंने कहा कि ऐसे व्यवसायों के साथ उनकी विरासत भी जुड़ी होती है। इसलिए उनकी जिम्मेदारी केवल मुनाफा कमाने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि समाज के प्रति योगदान पर भी ध्यान देना चाहिए।
प्राचीन ग्रंथों को समझने में मददगार होगी एआई तकनीक
भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के सचिव विवेक अग्रवाल ने भारतीय सभ्यता की ज्ञान परंपरा को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने में तकनीक की भूमिका पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) प्राचीन ग्रंथों को समझने और उनमें छिपे ज्ञान को सामने लाने में मदद कर सकता है। इससे भारत की सभ्यतागत ज्ञान परंपरा को आने वाली पीढ़ियों के लिए अधिक सुलभ और प्रासंगिक बनाया जा सकेगा।
इससे पहले कोलंबिया विश्वविद्यालय के सेंटर फॉर सस्टेनेबल डेवलपमेंट के वरिष्ठ शोधकर्ता डॉ. निरुपम बाजपेयी ने उद्घाटन सत्र को संबोधित किया। उन्होंने संगोष्ठी के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शुभकामनाएं दीं। साथ ही विचारों और आध्यात्मिक परंपराओं के मिलन स्थल के रूप में वाराणसी की ऐतिहासिक भूमिका पर प्रकाश डाला।
यह संगोष्ठी एक अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला का हिस्सा है। इसकी शुरुआत ग्रीस से हुई थी। वर्ष 2022 में एथेंस और 2023 में स्टागिरा में बैठकें हुई थीं। इसके बाद 2024 में चीन के कुफू और बीजिंग में भी इस श्रृंखला के तहत आयोजन किए गए।