मृतक के भाई विक्की ने बताया कि करीब तीन दिन पहले जीयनपुर पुलिस घर पहुंची और विक्रम को अपने साथ कोतवाली ले गई। वहां से उसे मंडलीय जिला कारागार भेज दिया गया। बृहस्पतिवार शाम करीब साढ़े चार बजे जेल प्रशासन की ओर से परिजनों को सूचना मिली कि विक्रम की मौत हो गई है। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शुक्रवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजनों ने घटना पर गंभीर सवाल उठाए। विक्की का कहना है कि विक्रम पूरी तरह स्वस्थ था। उसे किसी प्रकार की गंभीर बीमारी नहीं थी और न ही उसकी तबीयत खराब थी। उन्होंने कहा कि पुलिस उसे घर से सकुशल लेकर गई थी, ऐसे में अचानक मौत कैसे हो गई, यह समझ से परे है।
परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा करने की मांग की है। उनका कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी। फिलहाल पुलिस का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण स्पष्ट होंगे और उसी के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।