बनारस में कचहरी में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब जिला जेल से शनिवार को पेशी पर आए कैदी ने भागने का प्रयास किया। सेशन लॉकअप से बाहर निकालते समय कैदी सिपाहियों से हाथ छुड़ाकर भागना चाहा।
जब इसका विरोध किया गया तो उसने सिपाहियों से मारपीट शुरू कर दी। यहां तक कि पास रखी कुर्सी से भी उन पर हमला कर दिया। इसमें एक सिपाही घायल भी हो गया। मौके पर पहुंची कैंट पुलिस ने किसी तरह कैदी को कब्जे में लिया। घायल सिपाही की तहरीर पर उस पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
आरोपी श्रेयश पांडेय को कचहरी पेशी पर लाया गया था। अचानक सेशन लॉकअप पर हंगामा शुरू हो गया। लॉकअप पर सुरक्षा में लगे सिपाहियों से हाथ छुड़ाकर भागने का प्रयास कर रहा था। जब बात नहीं बनी तो उसने सिपाहियों पर हमला कर दिया। पहले मारपीट की और बाद में पास रखी लकड़ी की कुर्सी से हमला कर दिया। इसमें सिपाही मनोज घायल हो गया।
इधर, सूचना पाकर कैंट पुलिस मौके पर पहुंच गई और श्रेयश को कब्जे में लिया। कैदी के खिलाफ घायल सिपाही मनोज मौर्या की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। इसके ऊपर डबल मर्डर, हत्या का प्रयास, अवैध हथियार, गैंगस्टर सहित तमाम मामले दर्ज हैं। जैतपुरा सहित कोतवाली में दर्ज मामलों में इसे जेल भेजा गया था।
कैंट इंस्पेक्टर ने बताया कि ये कई बार पेशी पर इसी प्रकार का हंगामा करता रहा है। घायल पुलिसकर्मी मनोज का कैंट पुलिस ने दीनदयाल अस्पताल में मेडिकल कराकर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।