लूट और हत्या के मामले में जिला कारागार में आजीवन कारावास की सजा भुगत रहे कैदी बेचू राम को शुक्रवार को कन्नौज जेल भेज दिया गया। जेल से भागे बेचू को पुलिस ने 14 जनवरी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
बता दें कि चार जनवरी को लूट व हत्या में निरुद्ध बांसडीह रोड के बिगही निवासी कैदी बेचू राम जेल से फरार हो गया था। इस मामले में दो जेल कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया था, जबकि दो के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई जारी है। कैदी की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमें गठित की गईं थी।
मुखबिर की सूचना पर सीओ सिटी अरुण कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम काजीपुरा रेलवे क्रासिंग के पास 14 जनवरी को घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया था। इस दौरान दूसरा बदमाश भागने में सफल रहा।
शासन के निर्देश पर जिला कारागार प्रशासन ने बेचू राम को शुक्रवार की देर शाम कन्नौज भेज दिया। शनिवार को उसे कन्नौज जेल में शिफ्ट कर दिया गया। इस बाबत जेल अधीक्षक प्रशांत कुमार मौर्य ने बताया कि शासन के निर्देश पर बेचू राम को कन्नौज स्थानांतरित किया गया है।