कोरोना पॉजिटिव हुए गाजीपुर के जिलाधिकारी एमपी सिंह क्वारंटीन में रहते हुए भी जिम्मेदारी निभा रहे हैं और घर पर ही सारे प्रशासनिक कार्यों को कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया है कि जल्द ही ठीक होकर दफ्तर लौट आऊंगा। शनिवार को उनके परिवार की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई। इस दौरान डॉक्टरों द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है, जिससे किसी तरह दिक्कत होने पर उन्हें बेहतर चिकित्सकीय सुविधा प्रदान की जा सके।
दरअसल, गाजीपुर के जिलाधिकारी एमपी सिंह सहित दो लोगों की रिपोर्ट शुक्रवार की रात नौ बजे पॉजिटिव आई थी। इसके बाद डीएम होम आइसोलेट हो गए। जनपद में कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार घट रही है। बीते माह जहां संक्रमितों के मिलने की रफ्तार 10 के आसपास थी। अब यह संख्या दो पर आकर रुक गई है।
देर शाम करीब नौ बजे डीएम एमपी सिंह और भरौली कला निवासी एक डॉक्टर की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। दोनों संक्रमितों को होम आइसोलेट किया गया है। ऐसे में जनपद में कुल संक्रमितों की संख्या 5233 पहुंच गई। वहीं 1197 मरीजों की कोरोना जांच की गई। जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत की संख्या 90 पहुंच गई है, जबकि अब तक 5109 मरीज ठीक हो चुके हैं।