इस मामले में पुलिस ने सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी राबर्टसगंज थाना क्षेत्र हर्षनगर निवासी जटाशंकर देव पांडेय, गोरडीह गांव के निवासी संदीप उर्फ पाली, श्यामबाबू, लक्ष्मण शर्मा, पुसौली गांव निवासी कुंदन सोनकर, सहिजन खुर्द निवासी काजु शर्मा और मुठेर गांव निवासी विद्यावती पत्नी विजयशंकर चौबे हैं।
सुरेश यादव (62) सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के छपका गांव में एक इंटर कॉलेज के प्रिंसिपल थें। सुरेश मूल रुप से वाराणसी के सारनाथ के रहने वाले थे। रोज सुबह चार बजे सुरेश अपने साथियों के साथ टहलने जाते थे। शनिवार को गाय को चारा पानी देने के कराण उन्हें घर से निकलने में देरी हुई। इसलिए सुरेश शनिवार को अकेले ही टहलने चले गए।
इसी दौरान सुबह 5:34 बजे बाइक सवार कुछ अज्ञात बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया। इसके बाद सुरेश को ताबड़तोड़ पांच गोलियां मार दी। इसके बाद बदमाश घटनास्थल पर ही तमंचा और कारतूस छोड़कर भाग गए। सुरेश यादव शिक्षक एमएलसी चेतनारायण सिंह के सोनभद्र जिले के प्रतिनिधि थे और सितंबर 2018 में उन्हें राज्य शिक्षक पुरस्कार मिला था।