प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12 दिसंबर को अपने संसदीय क्षेत्र के दौरे पर होंगे। इस बार उनके जापानी समकक्ष शिंजो आबे भी साथ होंगे। दोनों राजनेता यहां काशी के विकास पर गंभीर मंत्रणा करेंगे।
इस दौरान वे गंगा आरती में भी शामिल होंगे। होटल गेटवे ताज में होने वाले रात्रि भोज में शहर के कुछ प्रबुद्धजन भी शरीक हो सकते हैं।
संभावना यह भी जताई जा रही है कि इस दरम्यान काशी-क्योटो समझौते के तहत होने वाले कार्यों को भी गति मिल सकती है।
साथ ही दोनोें देशों के आला अधिकारियों के बीच आर्थिक और तकनीकी मदद को लेकर भी करार की घोषणा की जा सकती है।
रविवार को प्रधानमंत्री कार्यालय से जिला प्रशासन को सूचना मिली कि 12 दिसंबर को पीएम मोदी और जापानी प्रधानमंत्री शिंजो आबे काशी आ रहे हैं।
अचानक मिली यह सूचना जिला प्रशासन के लिए किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं थी। गौरतलब है कि 12 को ही पंचायत चुनाव की मतगणना भी है।
रविवार को छुट्टी का दिन होने के बावजूद आननफानन में जिला प्रशासन और पुलिस के आलाधिकारियों की बैठक विकास भवन में बुलाई गई।
जिलाधिकारी राजमणि यादव ने बताया कि पीएम मोदी और जापानी पीएम 12 दिसंबर को अपराह्न 3:30 बजे बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे।
इसके बाद गंगा आरती देखेंगे और फिर ताज होटल में रात्रिभोज होगा। मातहतों को निर्देशित किया कि सुरक्षा व्यवस्था संबंधी ठोस कार्ययोजना तत्काल तैयार कर ली जाए।
कहीं भी अवैध होर्डिंग या विज्ञापन न नजर आएं। इस दौरान एसएसपी आकाश कुलहरि, सीडीओ विशाख जी, सिटी मजिस्ट्रेट विंध्यवासिनी राय सहित तमाम अधिकारी मौजूद रहे।