प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काशी आगमन की अटकलों पर सोमवार रात विराम लग गया। पीएम मोदी के काशी यात्रा पर मुहर लग चुकी है। पीएम मोदी 22 सिंतबर को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी आएंगे।
प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक पीएम 22 सितंबर की दोपहर आएंगे और डीरेका गेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे। 23 सितंबर को दोपहर बाद वह नई दिल्ली लौट जाएंगे। वाराणसी प्रवास के दौरान पीएम 22 सितंबर को बड़ालालपुर में ट्रेड फैसिलिटी सेंटर का उद्घाटन करेंगे।
23 सितंबर को डीरेका में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना और किसान ऋण मोचन के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र देंगे। डीरेका में आयोजित समारोह में वह 17 परियोजनाओं का लोकार्पण और छह परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे।
पीएम डीरेका से ही गंगा नदी पर बने सामने घाट और बलुआ पुल का लोकार्पण करेंगे। पीएम रमना एसटीपी और अमृत योजना के तहत 50 हजार नए घरों तक सीवरेज और पेयजल कनेक्शन देने संबंधी परियोजना का शिलान्यास करेंगे।
23 सितंबर को पीएम आराजीलाइन के शाहंशाहपुर में पशुधन मेला प्रदर्शनी में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन की प्राथमिक सूचना के बाद प्रशासनिक अधिकारी तैयारियों में जुट गए हैं।