वाराणसी के दुर्गाकुंड स्थित सनबीम एकेडमी स्कूल के हॉस्टल से हाईस्कूल के दो छात्रों के लापता होने का मामला सामने आया है। काफी खोजबीन के बाद भी जब दोनों छात्रों का पता नहीं लगा तो स्कूल प्रबंधन ने भेलूपुर थाने पर सूचना दी।
सोमवार को तहरीर के आधार पर भेलूपुर थाने में दोनों के अपहरण के आरोप में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले को लेकर हॉस्टल पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और दोनों बच्चोें के दोस्तोें के साथ ही कर्मचारियों से पूछताछ की।
गाजीपुर के महमूदपुर के लल्लन यादव का बेटा अंकित यादव और आजमगढ़ के मेहनाजपुर के बसंत कुमार सिंह का बेटा सात्विक सिंह दुर्गाकुंड स्थित सनबीम एकेडमी स्कूल में कक्षा 10 के छात्र हैं।
अंकित स्कूल के ब्रह्मानंद नगर स्थित हॉस्टल में रहता था जबकि सात्विक सिंह सरायनंदन स्थित स्कूल के हॉस्टल में रहता था। भेलूपुर थाने पहुंचे वार्डेन अशोक कुमार शर्मा ने बताया कि सोमवार की सुबह पांच बजे जब बच्चों को जगाया गया तो अंकित यादव और सात्विक सिंह का पता नहीं लगा।
दोनों की खोजबीन की गई और उनके घर भी संपर्क किया गया लेकिन पता नहीं लगा। इस बारे में भेलूपुर थाना के कार्यवाहक प्रभारी पवन उपाध्याय ने बताया कि तहरीर के आधार पर दोनों के अपहरण का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
दोनों के परिवारीजनों से भी संपर्क कर मामले से जुड़ी गुत्थी जल्द सुलझाई जाएगी। उधर, वार्डेन अशोक कुमार शर्मा ने बताया कि 14 सितंबर से परीक्षाएं शुरू होने वाली हैं, हो सकता है कि परीक्षा के भय से बच्चे कहीं चले गए हों।