PM Modi In Kashi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 दिसंबर को बाबतपुर एयरपोर्ट से कटिंग मेमोरियल तक रोड शो करेंगे। इसके अलावा बरकी में जनसभा होगी। बरकी में आयोजित जनसभा को ऐतिहासिक बनाने में भाजपा के पदाधिकारी जुटे हैं। पीएम मोदी अपने संसदीय क्षेत्र काशी के 42वें दौरे पर आएंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 दिसंबर को दो दिवसीय दौरे पर काशी आएंगे। काशी का यह उनका 42वां दौरा होगा। इस बार बाबतपुर एयरपोर्ट से लेकर कटिंग मेमोरियल ग्राउंड तक प्रधानमंत्री रोड शो करते हुए आएंगे। रोड शो के दौरान सड़क के दोनों ओर खड़े होकर भाजपाई उनका स्वागत बधाई हो-बधाई हो, मोदीजी को बधाई हो, मोदी-मोदी और हर-हर महादेव के उद्घोष के साथ करेंगे।
विज्ञापन
साथ ही, जगह-जगह प्रधानमंत्री पर पुष्प वर्षा भी की जाएगी। भाजपा के काशी क्षेत्र के अध्यक्ष दिलीप पटेल, एमएलसी व जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, सुरेश सिंह, अरविंद पटेल और नवरतन राठी सहित अन्य पदाधिकारी शनिवार को बरकी गांव स्थित प्रधानमंत्री के जनसभा स्थल पहुंचे।
दिलीप पटेल ने कहा कि मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान के विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत के बाद प्रधानमंत्री पहली बार अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी आ रहे हैं। काशीवासी अपने सांसद और देश के प्रधानमंत्री का जोरदार स्वागत करने को तैयार हैं।
विज्ञापन
स्वर्वेद मंदिर परिसर और बरकी में होने वाले कार्यक्रम को भव्यता देने के लिए संगठन स्तर पर जोरशोर से तैयारी की जा रही है। दिलीप पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री की जनसभा की सफलता के लिए जिले के आठों विधानसभा क्षेत्रों में जनसंपर्क शुरू कर दिया गया है। विशेष फोकस जनसभा स्थल के निकटवर्ती विधानसभा क्षेत्र सेवापुरी और रोहनिया पर है। व्यापक तैयारियों के दृष्टिगत क्षेत्र, जिला, मंडल, शक्ति केंद्रों और बूथ स्तर की बैठकों का सिलसिला शुरू हो गया है। इसके अलावा जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ पदाधिकारियों से भी इस संबंध में व्यापक विमर्श का सिलसिला जारी है।
पीएम मोदी
- फोटो : अमर उजाला
ड्रोन की मदद से खंगाला गया सभास्थल के आसपास का इलाका
बरकी गांव में प्रधानमंत्री के जनसभा स्थल पर शनिवार को एडीसीपी गोमती जोन सरवनन टी. पुलिस बल के साथ पहुंचे। ड्रोन की मदद से जनसभा स्थल के आसपास के गांवों का काफी देर तक उन्होंने जायजा लिया। एडीसीपी गोमती जोन के निर्देश पर जनसभा स्थल और बरकी व आसपास के गांवों में पुलिस व लोकल इंटेलिजेंस यूनिट की सक्रियता बढ़ा दी गई है।
पीएम मोदी
- फोटो : अमर उजाला
उधर, बरकी, मिल्कीपुर, सिखड़ी, कमलहा, बेलवा, पूरेनंदा, सकलपुर, पूराशिवा, दिलावलपुर सहित आसपास के अन्य गांव में जिन लोगों के पास लाइसेंसी असलहा है, उनसे थाने में जमा कराया जा रहा है।
शुरू हुई सफाई, ऊबड़-खाबड़ जमीन की जा रही समतल
बरकी स्थित जनसभा स्थल में शनिवार को सफाई कर्मियों को तैनात कर साफ-सफाई का काम शुरू कर दिया गया है। इसके साथ ही ऊबड़-खाबड़ जमीन को समतल करने का काम भी किया जा रहा है। निरीक्षण करने पहुंचे अफसरों ने बताया कि सभास्थल पर वाटरप्रूफ पंडाल, मंच व सेफ हाउस के अलावा हेलीपैड और वाहन पार्किंग स्थल का काम 16 दिसंबर की देर शाम तक पूरा कर लिया जाएगा।