पीएम आगमन के मद्देनजर चल रही तैयारी
- फोटो : अमर उजाला
पीएम नरेंद्र मोदी के सितंबर में काशी आगमन की तैयारी चल रही है। हालांकि पीएम के नवरात्र में यहां आने की संभावना 50-50 है। इधर बीच पीएम नहीं आए तो फिर दीपावली के आस पास आएंगे और उसी दौरान काशी वासियों को कोई नया उपहार देंगे। जिसे अभी गुप्त रखा गया है।
बीते दिनों केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल बनारस दौरे पर आए थे तो उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की थी कि पीएम को जन्मदिन पर काशीवासियों की ओर से उपहार के रूप में स्वच्छता अभियान चलाए। इसके बदले वे पीएम से रिटर्न गिफ्ट मांगेंगे।
हो सकता है यह उपहार नवरात्र नहीं तो दीपावली पर मिलना तय है। पीएम के आने के कार्यक्रम की सुगबुगाहट बीते 15 दिन पहले हुई थी। इधर बीच पार्टी और सरकार की ओर से उनके आगमन को लेकर कोई संकेत नहीं मिले हैं। ऐसी संभावना जताई जा रही है कि 21 सितंबर से नवरात्र शुरू हो रहा है।
25 को पंडित दीनदयाल जयंती देश भर में मनाई जाएगी। ऐसी दशा में 25 को पीएम आ सकते हैं। 25 के बाद शहर में नवरात्र मेला शुरू हो जाएगा जो 29 तक चलेगा 30 को दशहरा की भीड़ होगी।
ऐसी स्थिति में पीएम अक्टूबर में दीपावली के आस पास आएंगे और यहां के लोगों को कई योजनाओं की सौगात देंगे। प्रशासनिक अधिकारियों की मानें तो पीएम आगमन को लेकर कोई संकेत अभी नहीं मिले हैं। कई योजनाएं अभी पूरा नहीं हो सकी है।
इनमें ट्रेड फैसिलिटी सेंटर, गैस पाइप लाइन, बलुआ पुल, सामनेघाट पुल पूरी होने के कगार पर हैं। केवल अंतिम चरण की फीनिशिंग का काम चल रहा है। यह काम 10 अक्टूबर तक पूरा हो जाएगा।