प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता पर एक बार फिर से सवाल उठ गए। कक्षा चार में पढ़ने वाले बच्चे गुणा भाग नहीं कर पा रहे हैं। ये पोल उस वक्त खुली जब गुरुवार को बेसिक शिक्षा अधिकारी जयकरन यादव स्कूलों का निरीक्षण करने निकले।
प्राथमिक विद्यालय लोहता के कक्षा चार के बच्चों से बीएसए ने हम गुणा भाग के सवाल करने को दिए, तो कोई बच्चा उसे हल नहीं कर पाया। बीएसए ने तत्काल शिक्षिका का वेतन अगले आदेश तक के लिए रोक दिया।
इस विद्यालय में बच्चों की उपस्थिति भी कम थी और साफ-सफाई भी नहीं थी। इसके लिए प्रधानाध्यापिका को चेतावनी दी गई है। इसी तरह प्राथमिक विद्यालय अनंतपुर में बीएसए के शिक्षकों का रजिस्टर चेक किया।
यहां पर एक शिक्षित बिना किसी सूचना के तीन दिन से अनुपस्थित चल रही थीं। बीएसए ने शिक्षिका को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। वहीं जूनियर हाईस्कूल अनंतपुर में अभिलेखों का रख रखाव सही से न होने पर यहां एक शिक्षिका की वेतन वृद्धि रोक दी गई।
उधर प्राथमिक विद्यालय रामरायपुर में बच्चों की उपस्थिति कम थी। वहीं प्राथमिक विद्यालय छितौनी में भी निरीक्षण के दौरान बच्चे कम मिले। शिक्षक डायरी भी पूरी नहीं थी। इन दोनों विद्यालय के प्रधानाध्यापक को चेतावनी दी गई है।