राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 13 मार्च को तीन दिवसीय पूर्वांचल दौरे के लिए वाराणसी आएंगे। वाराणसी प्रवास के दूसरे दिन राष्ट्रपति सोनभद्र और मिर्जापुर का भी दौरा करेंगे। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 13 मार्च को वाराणसी पहुंचेंगे और दोपहर बाद काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इस दौरान काशी विश्वनाथ धाम को विशेष तौर पर सजाया जा रहा है।
माना जा रहा है कि राष्ट्रपति काशी विश्वनाथ धाम का निरीक्षण कर बाबा के भव्य दरबार का अवलोकन करेंगे। इसके बाद वे दशाश्वमेध घाट पर गंगा आरती में शामिल होंगे। अगले दिन सोनभद्र और मिर्जापुर का दौरा करेंगे।
15 को वे वाराणसी में आयोजित होने वाले कुछ कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। दोपहर बाद वे दिल्ली रवाना हो जाएंगे। उधर, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के तीन दिवसीय संभावित कार्यक्रम की तैयारियों पर कमिश्नर दीपक अग्रवाल ने अधिकारियों के साथ बैठक की।
राष्ट्रपति के आवागमन के रूट, सुरक्षा व्यवस्था, प्रवास व्यवस्था आदि के संबंध में विचार विमर्श कर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने शहर में बेहतर साफ-सफाई, सड़कों को चुस्त-दुरुस्त करने व समुचित लाइटिंग कराने के भी निर्देश दिए। बैठक में वीसी वीडीए, नगर आयुक्त सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।