फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रोन 12 मार्च को काशी के प्रस्तावित दौरे में पंडित दीनदयाल हस्तकला संकुल में बनारस की कारीगरी और शिल्प देखेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ फ्रांस के राष्ट्रपति के प्रस्तावित इस दौरे के मद्देनजर तैयारियां तेज हो गई हैं।
इस सिलसिले में सोमवार को पीएमओ में अपर सचिव एके शर्मा शहर पहुंचे और उच्चाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कमिश्नर नितिन रमेश गोकर्ण, आईजी रेंज दीपक रतन समेत अधिकारियों के साथ पहले काशी विश्वनाथ मंदिर का जायजा लिया।
फिर बड़ा लालपुर स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय हस्तकला संकुल और दशाश्वमेध घाट पहुंचे। वहां की व्यवस्थाएं देखीं। प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक इन सभी स्थानों पर फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रोन का जाने का कार्यक्रम है।
वह 12 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वाराणसी आएंगे। मुख्य कार्यक्रम हस्तकला संकुल में होगा। जहां फ्रांस के राष्ट्रपति बनारस की कारीगरी और शिल्प से रूबरू होंगे। वह शाम को दशावमेध घाट पर गंगा आरती भी देखेंगे।
स्थानीय प्रशासन भी तैयारियों में जुटा है। राष्ट्रपति के दौरे वाले संभावित स्थानों तक जाने वाली सड़कों को दुरुस्त करने के साथ ही साफ-सफाई सहित अन्य इंतजामों को मुकम्मल करने के निर्देश दिए गए हैं।