सीता शुक्ला को सम्मानित करतीं एनआरआई राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) स्वाति सिंह
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के भदोही स्कूल वैन हादसे में 19 बच्चों की जान बचाने वाली सास-बहू को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित करने की तैयारी है। खुद की परवाह न करते हुए मासूमों की जिंदगी बचाने वाली दोनों महिलाओं को उत्तम जीवन रक्षा पदक से सम्मानित करने के लिए प्रशासन जल्द ही प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजेगा।
पढ़ेंः
19 बच्चों की जिंदगी बचाने वाली महिला को मंत्री स्वाति सिंह ने दिया अमर उजाला अपराजिता सम्मान
अमर उजाला का प्रयास रंग दिखाने लगा है। लखनो गांव में जलती स्कूल वैन से 19 बच्चों को निकालने का साहस दिखाने वाली सीता शुक्ला और सुमन को राष्ट्रीय पुरस्कार देने की सिफारिश जिला प्रशासन से लेकर जनप्रतिनिधियों ने भी करनी शुरू कर दी है। जिलाधिकारी ने दोनों को उत्तम जीवन रक्षा पदक के लिए उनका बायोडाटा तैयार करने का निर्देश दिया है।
उन्होंने बताया कि 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के मौके पर बहादुरी का काम करनेवाली सीता देवी, सुमन और उनके पौत्र को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही दोनों को राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए प्रस्ताव बनाकर केंद्र सरकार को भेजा जाएगा।
पढ़ेंः
हर जुबान पर सास-बहू की बहादुरी के चर्चे, बच्चों के लिए दोनों बनीं 'भगवान', जानिए मामला
गौरतलब है कि 12 जनवरी को जिले के लखनो गांव में वैन में आग लगने से 19 बच्चे और उन्हें निकालने में सीता शुक्ला और उनकी देवरानी की बहू सुमन गंभीर रूप से झलस गईं थीं। झुलसे बच्चों में से सात बीएचयू ट्रामा सेंटर के आईसीयू में जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं। एक बच्ची ने गुरुवार सुबह दम तोड़ दिया।
लखनो स्कूल वैन हादसे में गंभीर रूप से झुलसे बच्चों के परिजनों और उन्हें बचाने वाली महिला सीता शुक्ला को एक-एक लाख रुपये का चेक जिला प्रशासन के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने बुधवार को बीएचयू जाकर दिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना के बाद पीड़ित बच्चों के परिजनों को मदद की घोषणा की थी।
जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि पीड़ित बच्चों के परिजनों और बचाने वाली महिला सीता देवी को एक-एक लाख का चेक दिया गया। इससे पीड़ित बच्चों के परिजनों को थोड़ी राहत मिलेगी। जिलाधिकारी, एसपी और सीडीओ की मौजूदगी में भदोही सांसद वीरेंद्र सिंह, विधायक रवींद्र नाथ त्रिपाठी, औराई विधायक दीनानाथ भाष्कर ने परिजनों को चेक दिया।
इस मौके पर भदोही विधायक रवींद्र त्रिपाठी ने कहा कि बच्चों के उपचार में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। इसको लेकर सरकार संजीदा है। उन्होंने कहा कि बच्चों को बचाने वाली बहादुर महिला सीता और उनकी बहू को राष्ट्रीय पदक देने की सिफारिश की गई है।
ज्ञानपुर विधायक विजय मिश्र ने सीता शुक्ला को लक्ष्मी बाई वीरता पुरस्कार से सम्मानित करने के लिए शासन को पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने कहा कि सीता शुक्ला को उनकी बहादुरी का सही इनाम मिलना चाहिए। इसलिए हम लक्ष्मीबाई वीरता पुरस्कार के लिए प्रदेश सरकार से मांग करेंगे। कहा कि उन्होंने बड़ा काम किया है।
भदोही स्कूल वैन हादसा, स्कूल संचालक गिरफ्तार
लखनो स्कूल वैन हादसे का मुख्य आरोपी स्कूल संचालक बुधवार को पुलिस के हत्थे चढ़ गया। अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार ने पुलिस लाइन में मीडिया के सामने गिरफ्तारी का खुलासा किया।
12 जनवरी को लखनो गांव में रसोई गैस सिलिंडर से संचालित स्कूल वैन में आग लगने से 19 बच्चे झुलस गए थे। निजी वैन अनधिकृत तरीके से स्कूल के बच्चों को ढो रही थी।
साथ ही कोचिंग की आड़ में चलाए जा रहे स्कूल का भी रजिस्ट्रेशन नहीं था। बच्चों को एससी कॉन्वेंट स्कूल का आईकार्ड दिया गया था, जबकि जिस भवन में यह विद्यालय संचालित हो रहा था, वहां इस नाम का बोर्ड भी नहीं था। बुधवार को पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने गोसाईंपुर अजयपुर निवासी सुशील दुबे पुत्र चंद्र दुबे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वैन चालक मनोज यादव पहले ही गिरफ्तार हो चुका है।
एएसपी ने बताया कि गिरफ्तार विद्यालय संचालक ने बताया कि हादसे के बाद मैंने अपनी पत्नी (प्रधानाध्यापिका) को विद्यालय जाने से मना कर दिया था। अब वह कहीं और भागने की फिराक में था।