भदोही के मदारीपुर कब्रिस्तान में जुटे लोग और मौजूद पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
प्रयागराज में मुठभेड़ में मारे गए भदोही नगर के रामहायपुर निवासी अमजद उर्फ अंगद उर्फ पिंटू उर्फ डॉक्टर का शव शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद सुपुर्दे खाक कर दिया गया। कब्र खोदने से लेकर मिट्टी पड़ने तक मदारीपुर वाले कब्रिस्तान में भारी भीड़ मौजूद रही। इस दौरान न केवल सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए थे बल्कि कोतवाल सदानंद सिंह खुद मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि इस दौरान शांति व्यवस्था कायम रही।
कोतवाल ने बताया कि अमजद को उसके गोपीगंज के साथी वकील पांडेय के साथ बुधवार की रात प्रयागराज में एसटीएफ ने मुठभेड़ में मार गिराया था। अमजद का शव सुपुर्दे खाक करने के लिए पोस्टमार्टम के बाद प्रयागराज पुलिस शुक्रवार सुबह परिजनों को सौंप दिया जिसके बाद वे शव को भदोही लेकर पहुंचे। इसके बाद अमजद के शव को दफनाने के लिए मदारीपुर के कब्रिस्तान में कब्र खोदा गया जहां जुमे की नमाज के बाद सुपुर्दे खाक किया गया। जनाजे की नमाज में भारी भीड़ के अलावा पुलिस बल भी मौजूद रहा।
हिस्ट्रीशीटर वकील पांडेय का हुआ अंतिम संस्कार
दो दिन पूर्व प्रयागराज के नैनी क्षेत्र में एसटीएफ के एनकाउंटर में मारे गए अपराधी वकील पांडेय का अंतिम संस्कार शुक्रवार को भदोही के लालानगर क्षेत्र के बिहरोजपुर गंगा घाट पर पुलिस ने संपन्न कराया। वकील पांडेय के शव को मुखाग्नि उनके पिता सहसराम ने दी।
इस संबंध में कोतवाल केके सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद प्रयागराज पुलिस ने वकील के शव को रात में ऊंज सीमा तक पहुंचाया जिसके बाद जिले की पुलिस ने शव को लेकर पैतृक निवास छतमी पहुंची। परिजनों ने बताया कि पुलिस रात में अंतिम संस्कार कराना चाहती थी, लेकिन पिता की गुहार पर सुबह बिहरोजपुर गंगा घाट पर रीति-रिवाज के साथ अंतिम संस्कार कराया जा सका। इस दौरान एनकाउंटर में मारे गए वकील पांडेय के परिजन बेटे के गम में डूबे रहे।