UP Weather: हल्की बूंदाबांदी और तेज हवाओं ने पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम की निर्बाध बिजली आपूर्ति की पोल खोल दी है। शुक्रवार की सुबह हल्की बूंदाबांदी और तेज हवाओं के चलते ट्रांसफाॅर्मर पर लगे बुश जल गए तथा पैनल में स्पार्क जैसे लोकल फाल्ट को ठीक करने में बिजली कर्मियों को तीन से चार घंटे लगे। इस कारण शहर से लेकर देहात तक लगातार सात घंटे बिजली कटौती हुई।
बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह हुई बिजली कटौती के कारण कई क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति नहीं हो सकी। शहर से लेकर देहात तक हुई कटौती से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई। जलालीपट्टी, भदैनी, अस्सी, ब्रिज इन्कलेव, आदित्यनगर और गोदौलिया क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। लगातार कटौती के कारण इनवर्टर भी बंद हो गए और मोबाइल चार्ज खत्म हो गए।