संवाद न्यूज एजेंसी पीडीडीयू नगर। नगर क्षेत्र अंतर्गत दो वार्डों को जोड़ने को वाली सर्कस रोड पर गड्ढे होने लगे हैं। अभी इस सड़क के लोकार्पण हुए दो माह भी नहीं बीते हैं। मार्ग के खराब होने से क्षेत्र के लोगों में नाराजगी व्याप्त है। लगभग दस वर्ष बाद इस सड़क का निर्माण हुआ था। लोगों ने मार्ग को सही कराने की मांग की है।
नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत सुभाष नगर और चंदासी वार्ड के मध्य से गुजरी सर्कस रोड पिछले दस वर्षों से खराब थी। काफी प्रयास के बाद 12.65 लाख रुपये की लागत से मार्ग के निर्माण का कार्य वर्ष जुलाई 2025 में शुरू हुआ था।
ठेकेदार की ओर से अभी मार्ग पर जीएसबी बिछायी गई थी तभी बारिश हो गई थी । इससे कार्य बाधित हो गया। बरसात के बाद कार्य शुरू हुआ। इसके बाद 13 जनवरी 2026 में नगर पालिका चेयरमैन ने सर्कस रोड का उद्घाटन किया था। मार्ग निर्माण के दो माह में सड़क पर गड्ढे होने लगे हैं।
मार्ग पर पांच से छह स्थानों पर गड्ढे हो गये हैं। क्षेत्र के रहने वाले दिलीप, राजू, रूपेश, गुड्डू, सुनील, कपिल आदि ने मार्ग को सही करवाने की मांग की है। लोगों को कहना रहा कि वर्षेा बाद मार्ग बना है। वहीं बनने के बाद मार्ग तुरंत खराब होना कार्य पर सवाल खड़े करता है।
इस संबंध में नगर पालिका चेयरमैन सोनू किन्नर ने बताया कि सड़क के नीचे से गुजरी पानी की पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने से जगह-जगह लीकेज हो गया है। लीकेज बनवाने के बाद सड़क को सही करवा दिया जाएगा।