फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एक क्लिक में वाराणसी की चर्चित खबरें : JCB से बाउंड्री वॉल गिराया, की शिकायत; रात की वंदे भारत पहुंची सुबह

Mon, 20 Jan 2025 04:00 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News : लोहता पुलिस ने बाउंड्री वॉल और टिनशेड गिराने के मामले में मुकदमा दर्ज किया है। भुक्तभोगी ने इसकी शिकायत की थी। वहीं, कोहरे के कारण वंदे भारत समेत अन्य ट्रेनें लगातार देरी से चल रही हैं। रविवार को रात की बजाय कई वंदे भारत ट्रेनें सुबह स्टेशन पहुंचीं। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विज्ञापन
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

Varanasi Top News : लोहता के हरपालपुर निवासी एक व्यक्ति की बाउंड्री वॉल और टिनशेड का कमरा 12 लोगों ने बीती रात जेसीबी से ढहा दिया। घटना के संबंध में भुक्तभोगी ने लोहता थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है। 

विज्ञापन


लोहता थाना क्षेत्र के हरपालपुर निवासी नबी अहमद ने पुलिस को बताया कि उनकी जमीन पर पक्की बाउंड्री वाल थी। उसमें एक टिनशेड कमरा और एक गेट लगा था। शनिवार की रात 12 लोग असलहा लहराते हुए जेसीबी के साथ आए। सभी ने धमकी देते हुए उनकी बाउंड्री वाल और गेट को ढहा दिया। इस संबंध में एसीपी रोहनिया संजीव शर्मा ने बताया कि घटना की जांच की जा रही हैं। आरोप सही मिलने पर मुकदमा दर्ज करा कर कार्रवाई की जाएगी।

सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए पुलिस ने दिया नोटिस
मिर्जामुराद पुलिस ने स्थानीय बाजार के व्यापारियों को 15 दिन के अंदर सीसीटीवी कैमरे लगाने संबंध में नोटिस दी है। कुछ व्यापारियों ने कहा कि दुकान में सीसीटीवी कैमरे लगे होने के बावजूद पुलिस ने दोबारा नोटिस थमा दिया। दुकानदार राजू केसरी ने बताया कि दुकान में पहले से सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ है। बावजूद पुलिस ने दोबारा सीसीटीवी लगवाए जाने के लिए नोटिस दिया गया है। मिर्जामुराद पुलिस ने बताया कि शनिवार को 110 व्यापारियों को अपराध रोकने में सहयोग करने के लिए अपने दुकानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने के लिए नोटिस दिया गया है।

विज्ञापन
Trending Videos

ढाबा संचालकों के खिलाफ पुलिस ने की कार्रवाई
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के मेंहदीगंज, रखौना गांव स्थित नेशनल हाईवे के किनारे संचालित ढाबों के सामने वाहनों के खड़े होने पर पुलिस ने कार्रवाई की। देर रात तक होटल, ढाबा का संचालन मामले में भी ढाबा संचालकों का चालान किया। वहीं, सख्त हिदायत दी कि हाइवे पर ढाबों के सामने गाड़ियां खड़ी होती है तो मुकदमा दर्ज किया जाएगा। 

चोलापुर थाना क्षेत्र के इमिलिया ग्राम समीप वाराणसी-आजमगढ़ मार्ग पर रविवार शाम स्कॉर्पियो की टक्कर से तिपहिया ऑटो सवार तीन लोग घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। चोलापुर क्षेत्र के परानापट्टी निवासी काजू गुप्ता (18) हीरावती (35) व हाजीपुर निवासी रमेश (35) ऑटो से शहर की तरफ से चोलापुर लौट रहे थे। इमिलिया के समीप पीछे से आए स्कार्पियो ने साइड से टक्कर मार दी। तीनों घायलों को चोलापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं स्कार्पियो सवार भाग निकला।

रात की वंदे भारत पहुंची सुबह, अपराह्न की शाम में रवाना

कोहरे के कारण वंदे भारत समेत अन्य ट्रेनें लगातार देरी से चल रही हैं। रविवार को रात की बजाय कई वंदे भारत ट्रेनें सुबह स्टेशन पहुंचीं। 22436 नई दिल्ली-वाराणसी वंदे भारत साढ़े तीन घंटे, 22435 वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस सवा तीन घंटे, 22416 नई दिल्ली-वाराणसी वंदे भारत पौने चार घंटे, नई दिल्ली-वाराणसी महामना एक्सप्रेस साढ़े चार घंटे की देरी से पहुंची।

कैंट स्टेशन के पूछताछ केंद्र के कर्मियों ने बताया कि ग्वालियर-बनारस बुंदेलखंड एक्सप्रेस ढाई घंटे, आगरा-कैंट बनारस वंदे भारत ढाई घंटे, नई दिल्ली बनारस सुपरफास्ट साढ़े छह घंटे, आनंद विहार टर्मिनल बलिया भृगु एक्सप्रेस साढ़े छह घंटे, देहरादून बनारस जनता एक्सप्रेस ढाई घंटे, नई दिल्ली जयनगर स्वतंत्रता सेनानी साढ़े दस घंटे, न्यू दिल्ली बनारस शिवगंगा एक्सप्रेस चार घंटे, इंदौर पटना एक्सप्रेस साढ़े तीन घंटे, कोटा पटना एक्सप्रेस साढ़े तीन घंटे, योगनगरी ऋषिकेश हावड़ा दून एक्सप्रेस तीन घंटे, भटिंडा बालूरघाट फरक्का एक्सप्रेस ढाई घंटे, बरकाकाना वाराणसी मेमू साढ़े तीन घंटे, अमृतसर हावड़ा पंजाब मेल तीन घंटे, बलिया दादर स्पेशल डेढ़ घंटे, मुंबई एलटीटी बलिया कामायनी एक्सप्रेस डेढ़ घंटे, आनंद विहार पुरी नीलांचल एक्सप्रेस ढाई घंटे, दानापुर आनंद विहार जनसाधारण एक्सप्रेस चार घंटे की देरी से पहुंची।

धूमधाम से मना 36वीं वाहिनी पीएसी का 53वां संस्थापना दिवस
36वीं वाहिनी पीएसी का 53वां संस्थापना दिवस रविवार को धूमधाम से मनाया गया। रामनगर स्थित वाहिनी के शस्त्रागर में सहायक सेनानायक राजेश कुमार ने शस्त्र पूजा, हवन और आरती की। उसके बाद वाहिनी के पीएसी परिवार को शुभकामनाएं दी। पूजा के बाद जवानों को प्रसाद वितरित किया गया। इसके बाद मुख्यालय शाखा और आई दल के बीच प्रदर्शनी वालीबॉल मैच का आयोजन किया गया।

इसमें मुख्यालय दल ने जीत हासिल की। इसके पूर्व सहायक सेनानायक ने दोनों टीमों से परिचय प्राप्त किया। इस दौरान शिविरपाल कैलाशनाथ यादव, सूबेदार मेजर मनोज कुमार मिश्र, राम सिंह, सुराज सिंह, संजय सिंह समेत वाहिनी के समस्त अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

लायर्स एसोसिएशन के चुनाव अधिकारी बने लक्ष्मेश्वर
दी लायर्स एसोसिएशन की बैठक रविवार को संस्था के पूर्व अध्यक्ष प्रशांत सिंह के बटाऊबीर स्थित आवास पर हुई। बैठक में चंदौली सिविल बार एसोसिएशन के नवनिर्वाचित महामंत्री गौरव सिंह का स्वागत किया गया। संस्था के आगामी चुनाव को देखते हुए वरिष्ठ अधिवक्ता लक्ष्मेश्वर नाथ शर्मा को चुनाव अधिकारी बनाया गया। संस्था के अध्यक्ष राम कुमार यादव राजू ने कहा कि अधिवक्ताओं के अधिकारों के लिए हमारा संगठन सदैव आवाज उठाता रहा है। बैठक में उमेश पाठक, विष्णु श्रीवास्तव, आएम सिद्दीकी, विघ्नेश्वर चौरसिया, अब्दुल सत्तार, जितेंद्र यादव सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।

वाराणसी की टीम सेमीफाइनल में
स्वर्गीय मोहन पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम गणेशरा में खेल निदेशालय और यूपी कबड्डी एसोसिएशन की ओर से तीन दिवसीय प्रदेश स्तरीय सीनियर महिला कबड्डी प्रतियोगिता हुई। शानदार प्रदर्शन कर वाराणसी, विन्ध्यांचल, सहारनपुर और आगरा छात्रावास की टीम ने सेमीफाइनल में जगह बना ल। वाराणसी और आजमगढ़ में 23-33 से वाराणसी विजयी रही। जिला क्रीड़ाधिकारी राकेश कुमार यादव ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।

वाराणसी ने प्रयागराज को 3-1 से हराया
केराकत के स्पोर्ट्स एकेडमी फेडरेशन की ओर से मुलायम सिंह यादव राज्यस्तरीय महिला फुटबॉल प्रतियोगिता के तीसरे दिन दो मैच खेले गए। पहले मैच में डीएफए मेरठ ने गोरखपुर को 2-0 से हराया। दूसरे मैच में डीएफए वाराणसी ने डीएफए प्रयागराज को 3-1 से शिकस्त दी। दूसरे मैच में वाराणसी डीएफए ने प्रयागराज डीएफए को 3-1 गोल के अंतर से पराजित कर अगले चक्र में अपना स्थान बना लिया।

दो पक्षों में विवाद, हवाई फायरिंग की सूचना, पुष्टि नहीं
चोलापुर थाना क्षेत्र के गोसाईपुर चौकी अंतर्गत पलहीपट्टी बाजार में अल्पसंख्यक एवं बहुसंख्यक समुदाय के दो अलग-अलग युवकों में रविवार की शाम विवाद हो गया। इस दौरान अल्पसंख्यक समुदाय के युवक ने दूसरे युवक को फोन कर बुलाया।

डिजायर कार से पहुंचे उक्त युवक हवाई फायरिंग कर मौके से भाग निकला तथा भागते समय एक अन्य युवक को भी अपने कार से टक्कर मार दी।

सूचना पर एसीपी सारनाथ अतुल अंजान त्रिपाठी मौके पर पहुंचे, लेकिन पुलिस की जांच में हवाई फायरिंग की पुष्टि नहीं हो सकी। हालांकि, देर शाम तक पुलिस मामले की जांच में सीसीटीवी फुटेज की मदद से जुटी रही। 

दूसरी तरफ तेज रफ्तार अनियंत्रित उक्त डिजायर कार के धक्के से गोसाईपुर चौकी के समीप घायल युवक विकास मिश्रा (35) निवासी महगाव को घायलावस्था में पुलिस की मदद से चोलापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।

23 जनवरी को काशी आएंगे रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, आज आएंगे डिप्टी सीएम केशव
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह 23 जनवरी को काशी पहुंचेंगे। वह दोपहर दो बजे किसान इंटर कॉलेज, मिर्जामुराद, राजा तालाब में संविधान गौरव अभियान विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इसमें जिले की सभी विधानसभाओं के कार्यकर्ता हिस्सा लेंगे। वहीं, सोमवार को मेरा संविधान, मेरा स्वाभिमान पर एक विशाल संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य हिस्सा लेंगे। इसके बाद वह दोपहर दो बजे प्रेसवार्ता को संबोधित करेंगे।

मीडिया प्रभारी नवरतन राठी ने बताया कि मिर्जामुराद में होने वाली जनसभा को रक्षामंत्री बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करेंगे। इसमें वाराणसी जिला और महानगर इकाई से जुड़े आठ विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ता सहित अनुसूचित जाति एवं जनजाति के लोग बड़ी संख्या में शामिल होंगे। इसी सिलसिले में रविवार को राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार रविंद्र जायसवाल,जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल, जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय की मौजूदगी में बैठक भी हुई है।

असफलता को स्वीकारने से ही जीवन होगा बेहतर : पूर्व डीजीपी
बीएचयू के शारीरिक शिक्षा विभाग में कार्यशाला इटारा-25 का आयोजन हुआ। हरियाणा के खेल विवि के कुलपति और उत्तराखंड के पूर्व डीजीपी प्रो. अशोक कुमार ने कहा कि अनुशासन, दृढ़ता, आत्म समर्पण और असफलता को स्वीकार करने से ही जीवन में कुछ नया मिलता है। 

आईपीएस कुहू गर्ग ने कहा कि घुटने की गंभीर चोट ने खेलों से डेढ़ साल दूर कर दिया, लेकिन इसी में सिविल सेवा की तैयारी शुरू की। आईपीएस बनी और देश सेवा में तमाम चुनौतियों को पीछे छोड़ने में सफलता मिल रही है। भारतीय ओलंपिक संघ की संयुक्त सचिव अलकनंदा अशोक ने कहा कि तकनीकी प्रगति और आधुनिक प्रशिक्षण विधि को अंतरराष्ट्रीय खेलों की मांग के तौर अपनाया जाए।

23 को मनाया जाएगा कूंडा का पर्व
कूंडा पर्व 23 जनवरी को मनाया जाएगा। घरों में ख्वातीन पाकीजगी के साथ उल्लास से मनाया जाएगा। शिया जामा मस्जिद के प्रवक्ता हाजी फरमान हैदर ने बताया कि ख्वातीन मीठी टिकिया, खीर आदि पकवान के अलावा फल, मेवा के साथ छठवें इमाम जाफर सादिक के नाम से फातिहा होगी। अपनी रोजी-रोटी में बरकत की दुआ मांगेंगे। इसकी शुरुआत 22 जनवरी को शाम से ही हो जाएगी। उन्होंने बताया कि 28 जनवरी को भी कुछ स्थानों पर नबी की मेराज के सिलसिले से नजर और फातिहा का आयोजन होगा।

ग्रीन आर्मी की महिलाओं से मिले सीडीओ, दिए कंबल, 10 बच्चियों को दी साइकिल
सीडीओ हिमांशु नागपाल ने रविवार को ग्रीन आर्मी की सौ से अधिक महिलाओं से देउरा गांव में मुलाकात की। उन्होंने महिलाओं से कार्यपद्धति के बारे में जाना। साथ ही उनको हर तरह के प्रशासनिक सहयोग का भरोसा दिलाया।

कार्यक्रम में सीडीओ ने महिलाओं को कंबल वितरित किए और विद्यालय जाने वाली दस बच्चियों को साइकिल दी। उन्होंने बच्चियों को हाईवे पर साइकिल चलाते समय हेलमेट पहनने का सुझाव दिया।

महिलाओं ने गांव में नाला, सड़क, राशन कार्ड, सरकार की योजनाओं की प्रगति के बारे में सीडीओ को अवगत कराया। कार्यक्रम में होप वेलफेयर ट्रस्ट के साथ एक महीने का इंटर्नशिप करने मुंबई से टाटा इंस्टिट्यूट ऑफ सोशल वर्क विभाग से पांच बच्चों का समूह आया। इस मौके पर होप वेलफेयर ट्रस्ट के अध्यक्ष रवि मिश्रा, सचिव दिव्यांशु उपाध्याय, ट्रस्टी श्यामाकांत, संदीप गुप्ता, विकास दीक्षित, नितीश जायसवाल समेत अन्य मौजूद रहे।

टोल प्लाजा के पास ट्रक से कार क्षतिग्रस्त, बाइक सवार घायल
चौबेपुर क्षेत्र के कैथी टोल प्लाजा के समीप रविवार की रात 8 बजे ट्रक ने चार पहिया वाहन में टक्कर मार दी। चालक बाल-बाल बचा। इसी दौरान दूसरी ट्रक के चपेट में आने से एक बाइक सवार घायल हो गया। उसे पं दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने दोनों ट्रक को कब्जे में लिया है।

प्रेमचंद ने दी स्त्रीपात्रों को एक ठोस सामाजिक-आर्थिक आधार
प्रेमचंद मार्गदर्शन केंद्र ट्रस्ट ने प्रेमचंद स्मारक स्थल लमही में रविवार को सुनों मैं प्रेमचंद कहानी का पाठ 1434वें दिवस पर किया। प्रो. श्रद्धानंद ने अपने विचार रखे। उन्होंने बताया हिंदी साहित्यिक परंपरा में जहां स्त्रियां केवल कथा में एक पात्र मात्र से अधिक की स्थिति में उपस्थित नहीं थीं, वहीं उपन्यास सम्राट मुंशी प्रेमचंद ने अपने स्त्री पात्रों को एक ठोस सामाजिक-आर्थिक आधार पर रखकर महिलाओं की समाज में अभिव्यक्ति को संभव बनाया। 

प्रेमचंद की कहानी का पाठन लेखक अविनाश पाण्डेय ने किया। उनका सम्मान ट्रस्ट के संरक्षक प्रकाशचन्द्र श्रीवास्तव व निदेशक राजीव गोंड, डॉ. संजय श्रीवास्तव ने किया। संचालन आयुषी दूबे व स्वागत मनोज विश्वकर्मा ने किया। इस मौके पर चंदन पटेल, रामजी सिंह, रोहित गुप्ता, संजय श्रीवास्तव, सुरेश दूबे रहे।

बीएचयू-विद्यापीठ की 6 छात्राएं गणतंत्र दिवस समारोह में योग के लिए पहुंची दिल्ली
बीएचयू और महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ की छह छात्राएं गणतंत्र दिवस समारोह के लिए नई दिल्ली रवाना हो गई हैं। बीएचयू से चार और विद्यापीठ से दो छात्राएं शामिल हैं। ये पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय और नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय का प्रतिनिधित्व करेंगी। 

बीएचयू के एसवीडीवी में पीजी डिप्लोमा इन योगा की छात्रा शिफाली सिंह और श्वेता दुबे, बीएचयू के कृषि विज्ञान संस्थान से बीएससी कर रही आर्द्रा राजीव और सामाजिक विज्ञान विभाग में बीए कर रहीं ऋतु कुमारी, वहीं काशी विद्यापीठ से बीएड की छात्रा निधि तिवारी और एमए योगा की छात्रा तृप्ति मौर्या गणतंत्र दिवस पर परेड करेंगी। 

बीएचयू के पूर्व छात्र आदित्य कश्यप ने बताया कि आदित्य विद्यापीठ से योग का कोर्स कर रहे हैं। फिलहाल बीएचयू के छित्तूृपुर गेट पर निरवान योगा क्लब के सचिव हैं। आदित्य ने बताया कि विवि के अलावा उन्हीं के क्लब में इन छह छात्राओं को योग की ट्रेनिंग दी गई है। योग की कला और भारत की सांस्कृतिक धरोहर पर प्रस्तुति देंगी। ये गर्व करने वाला पल है।

10 से अधिक देशों में दे रहे हैं सनातन की शिक्षा
इंटरनेशनल वेदांत सोसाइटी के सचिव स्वामी प्रबुद्धानंदपुरी ने कहा कि संस्था सनातन धर्म की शिक्षा का प्रसार कर रही है। अभी तक 10 से अधिक देशों में सनातन की शिक्षा दी जा रही हैं। इससे प्रभावित होकर कई देशों के लोग महाकुंभ में स्नान करने और जानने के लिए भारत आए हैं। 

उन्होंने रविवार को पराड़कर भवन में पत्रकारों को बताया कि अमेरिका, नीदरलैंड, हालैंड, सिंगापुर, इंडोनेशिया, हांगकांग, बाली और यूके देशों में सोसाइटी के सेंटर खुले हैं। वहां पर भागवद्गीता, वेदांत, उपनिषद सहित सनातन धर्म की शिक्षा दी जाती है। ध्यान के साथ लोगों में आध्यात्मिक चेतना जागृत की जा रही हैं। साथ ही बताया कि बनारस में भी सनातन धर्म की शिक्षा के लिए सेंटर खुला है। यहां सैकड़ों लोग आध्यात्मिक चेतना बढ़ा रहे हैं।

200 विद्यार्थियों ने रेत पर उकेरी 40 कलाकृतियां
संत रविदास घाट पर रविवार को विभिन्न स्कूल व कॉलेज के करीब 200 विद्यार्थियों ने गंगा में रेत की कलाकृतियां बनाई। प्रतिभागियों ने लगभग 40 कलाकृतियां रेत पर उकेरी । उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल सहित अन्य राज्यों स्कूलों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। राम छाट पार शिल्प न्यास की ओर से भी रेत में आकृतियों की खोज कार्यक्रम के 23वां साल में आए विद्यार्थियों ने विभिन्न समसामयिक विषयों को भींगी रेत पर उकेर कर अपनी प्रतिभा दिखाई। उनकी कलाकृतियों में संवेदनाओं की सुंदर अभिव्यक्ति दिखाई दी।

हर्षद ने ली जेसीआई काशी अध्यक्ष पद की शपथ
जेसीआई काशी ने रविवार को मलदहिया स्थित एक होटल में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष हर्षद अग्रवाल, सचिव अविनाश वाद्या, कोषाध्यक्ष कृतार्थ अग्रवाल सहित कई सदस्यों ने शपथ ली। इस मौके पर मुख्य अतिथि सीआरपीएफ के कमांडेंट आरएस बालापुरकर, वर्तमान अध्यक्ष अनिल रस्तोगी आदि मौजूद रहें।

मिथिला कैलेंडर का हुआ लोकार्पण
उत्तर प्रदेश मैथिल समाज ने रविवार को हिन्दी के तीर्थ भारतेन्दु भवन चौखम्बा में मिथिला कैलेंडर का लोकार्पण और सम्मान समारोह का आयोजन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ कवि कोकिल विद्यापति के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर हुआ। 

दी बनारस बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सतीश तिवारी, महामंत्री शशांक श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष कृष्णकांत दीक्षित, राघवेंद्र दूबे, दीपक राय कान्हा को मिथिला संस्कृति के प्रतीक पाग, सन्त शिरोमणि परमहंस लक्ष्मीनाथ गोंसाई और महर्षि गौतम का चित्र, माला और शॉल देकर सम्मानित किया गया। काशी पत्रकार संघ के अध्यक्ष डॉ. अत्रि भारद्वाज ने कहा कि इस वर्ष कैलेंडर में मिथिला के ऋषि परम्परा को दर्शाया गया है, यह प्रशंसनीय है। 

नई पीढ़ी इस कैलेंडर के माध्यम से अपने गौरवशाली इतिहास पर गर्व की अनुभूति करेगी। स्वागत दीपेश चन्द चौधरी, संचालन गौतम कुमार झा व धन्यवाद संस्था के प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट निरसन कुमार झा ने किया। इस दौरान बीएचयू हिन्दी विभाग के वरिष्ठ प्रो. प्रभात कुमार मिश्र, साहित्यकार डॉ. सविता, डॉ. छाया शुक्ल, लक्ष्मीकांत झा, सुरेन्द्र नाथ पांडेय मौजूद रहे।

महाकुंभ में नहीं है कोई भेदभाव और जातिवाद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम को वाराणसी जिला एवं महानगर सहित काशी क्षेत्र के भाजपाइयों ने 28087 बूथों पर सुना। महीने के अंतिम रविवार को होने वाली मन की बात को इस बार गणतंत्र दिवस के चलते पहले ही कर दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि महाकुंभ की हजारों वर्षों से चली आ रही इस परंपरा में कहीं भी कोई भेदभाव और जातिवाद नहीं है। इसमें पूरे भारत से लोग आते हैं। 

कुंभ में अमीर-गरीब सभी एक हैं। उन्होंने कहा कि इस बार भारतीय गणतंत्र की 75वीं वर्षगांठ है। मैं संविधान सभा के उन सभी महान व्यक्तित्वों को नमन करता हूं, जिन्होंने हमें पवित्र संविधान दिया। प्रधानमंत्री ने सभी को गणतंत्र दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं।

आज बनारस, सिटी से होकर गुजरेंगी 12 मेला स्पेशल ट्रेनें
महाकुंभ के लिए पूर्वोत्तर रेलवे के बनारस व सिटी से सोमवार को 12 मेला स्पेशल ट्रेनें संचालित होंगी। झूंसी, प्रयागराज रामबाग स्टेशनों पर ट्रेनें रुकेंगी। जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि मेला स्पेशल ट्रेनों के संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर डायल कर सकते हैं या नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (एनटीईएस) वेब पोर्टल या मोबाइल एप की मदद ले सकते हैं। 

आज से खुलेंगे एक से आठ तक के सभी विद्यालय
पंद्रह दिनों के शीत अवकाश के बाद सोमवार से जिले के एक से आठ तक के सभी विद्यालय खुल जाएंगे। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. अरविंद पाठक ने बताया कि सुबह नौ बजे से तीन बजे तक विद्यालय खुलेंगे। वार्षिक कलेंडर के मुताबिक पहले 31 दिसंबर 2024 से 14 जनवरी 2025 तक कक्षा आठ तक के विद्यालय बंद थे। 15 जनवरी से सभी विद्यालयों को दोबारा 18 जनवरी तक बंद किया गया था।

दो मकानों से चोरों ने उड़ाए सामान
सारनाथ थाना क्षेत्र के छितौनी गांव में बंद मकान का ताला तोड़कर चोरों ने नकदी समेत घरेलू सामान पर हाथ साफ कर दिए। चुनार के भवानीपुर निवासी अनिल मिश्रा ने बताया कि वह अपने पैतृक घर गए थे। मकान पर पहुंचे तो गेट का ताला टूटा था। उधर, सारनाथ के बुद्धा नगर कालोनी फेज-1 में सीआईएसएफ के बंद मकान को चोरों ने खंगाल दिया। रविवार को पहुंची पुलिस ने छानबीन की। गाजीपुर के चक बतूल सागर निवासी राम आशीष यादव सीआईएसएफ दिल्ली में तैनात हैं। परिवार समेत दिल्ली में रहते हैं। 

सारस्वत खत्री स्कूल के प्रबंधक बने आलोक
सारस्वत खत्री स्कूल का रविवार को चुनाव हुआ। जिसमें आलोक कपूर को प्रबंधक और मुकेश कक्कड़ को कोषाध्यक्ष चुना गया। इसी क्रम में नीलकंठ स्थित सरस्वती कन्या इंटर कॉलेज के अध्यक्ष राजकुमार धवन, उपाध्यक्ष पद के लिए आनंद नारायण कपूर निर्वाचित हुए। सुंडिया स्थित सरस्वती इंटर कॉलेज के अध्यक्ष विजय रमन सेठ और उपाध्यक्ष डॉ. अनुराग टंडन निर्वाचित हुए। संरक्षक सभा के अध्यक्ष मुकुंद लाल टंडन और उपाध्यक्ष के पद पर प्रकाश टंडन निर्वाचित हुए। चुनाव प्रक्रिया चुनाव अधिकारी एडवोकेट अनिल बजाज की देखरेख में हुई।

आनंद बने काशी भट्ट ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष
काशी भट्ट ब्राह्मण महासभा ने रविवार को हरहुआ में बैठक कर कार्यकारिणी की घोषणा की। इसमें आनंद राय भट्ट को अध्यक्ष और अवधेश राय भट्ट को महामंत्री चुना गया। अन्य पदाधिकारी में साहेब लाल शर्मा को कार्यकारी अध्यक्ष, कोषाध्यक्ष श्यामधर शर्मा, उपाध्यक्ष राजेश राय भट्ट, मंत्री शिवराज राय प्रभाकर राय, शशिकांत शर्मा, विधिक सलाहकार घनश्याम शर्मा को बनाया गया। सभी घोषित पदाधिकारी ने काशी भट्ट ब्राह्मण महासभा के हितों के लिए कार्य करने का संकल्प लिया। ये जानकारी सह संयोजक मीडिया अशोक कुमार पांडेय ने दी।

भक्तों ने चरणपादुका का किया अभिषेक
भदैनी स्थित श्री बनखण्डी महादेव साधुबेला आश्रम में भक्तों ने गुरु के पांव पखारकर चरणपादुका का अभिषेक किया। रविवार को श्री बनखंडी साधुबेला पीठाधीश्वर आचार्य स्वामी गौरीशंकर दास महाराज के गद्दी की दसवीं वर्षगांठ पर पूजनोत्सव का अंतिम दिन मनाया गया। स्वामी गौरीशंकर दास महाराज ने कहा कि आत्मज्ञान के प्रकाश से काशी दीप्तिमान रहती है। 

काशी सभी वस्तुओं को आलोकित करती है। जिसने यह सत्य आत्मसात कर लिया, वह काशी में एकरूप हो जाता है। उन्होंने कहा कि जब विवेक चक्षु खुलते हैं तो माया अस्तित्वविहीन हो जाती है और ज्ञानरूपी काशी में आत्मा का विलय हो जाता है। बाबा भोलेनाथ की कृपा से काशीवासी मोक्ष पा लेते है। इसमें साधक व्यासजी मौर्य ने भजनांजिल दी। चरण पादुका पूजन दीपक अग्रवाल, गोपाल कृष्ण, सुरेंद्र लालवानी, अनूप लालवानी आदि ने किया।

शंकराचार्य के स्वागत के लिए बनेंगे 8 स्वागत द्वार
शृंगेरी पीठ शंकराचार्य के उत्तराधिकारी विधुशेखर भरती का शृंगेरी मठ में स्वागत होगा। रविवार को मठ में चिंतामणि गणेश मंदिर के महंत चल्ला सुब्बाराव और प्रबंधक चल्ला अन्नपूर्णा प्रसाद ने संत, विद्वतजन, उद्यमी सहित सभी समाज के प्रबुद्धजनों के साथ बैठक की। अन्नपूर्णा प्रसाद ने बताया कि मठ में तैयारी चल रही है। 

शंकराचार्य के स्वागत के लिए शहर में कुल आठ द्वार बनेंगे। मठ में यज्ञ कुंड तैयार हो चुके हैं। टेंट लगाए गए हैं। आठ दिनों तक विविध अनुष्ठान होंगे। बैठक में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के प्रधान अर्चक श्रीकांत मिश्र, अनिल किंजवडेकर, षडानन पाठक, उद्यमी आरके चौधरी, प्रो. बृजभूषण ओझा, प्रो. उपेंद्र त्रिपाठी, पीके मिश्रा, शशिभूषण त्रिपाठी, बबीता मौजूद रहे। 

पूर्व माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य का निलंबन निरस्त
ग्राम पंचायत नरायनपुर स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय व उससे संबद्ध राजनंदन साहू इंटर कालेज के प्रधानाध्यापक अजय कुमार पांडेय का निलंबन वापस लिया गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डाॅ. अरविंद पाठक ने बताया कि विद्यालय प्रबंधन ने प्रधानाध्यापक को निलंबित किया था। दोनों पक्षों को सुनने के बाद निलंबन अस्वीकृत कर दिया गया है।

काशी के ज्ञानशंकुल सिंह को विंध्य गौरव अवार्ड
काशी के पहलवान को ज्ञानशंकुल सिंह को इंदौर में विंध्य गौरव अवाॅर्ड दिया गया। उन्हें रविवार को इंदौर की संस्था स्नेहा इवेंट एंड मैनेजमेंट ने भारतीय पारंपरिक खेल, जोड़ी, गदा, नाल, डंबल, और कुश्ती को प्रमोट करने के लिए यह सम्मान दिया। उन्हें यह पुरस्कार मध्य प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने दिया। विंध्य गौरव अवॉर्ड जन कल्याण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों को दिया जाता है।

कैंट रोडवेज बस स्टेशन पर श्रीसत्यकमलम पौधशाला और श्रीअन्नम मिलेट्स की ओर से लगी प्रदर्शनी
प्रत्येक व्यक्ति को घर पर सुगंधित और औषधीय पौधे लगाने चाहिए। साथ ही मिलेट्स या मोटे अनाज का सेवन करने से मनुष्य बलवान और आरोग्य जीवन जीता है। यह बातें श्रीसत्यकमलम पौधशाला और श्रीअन्नम मिलेट्स की ओर से कैंट रोडवेज में प्रदर्शनी के उद्घाटन पर बतौर मुख्य अतिथि प्रो. नागेंद्र पांडेय ने कहीं। श्रीकाशी विश्वनाथ न्यास के अध्यक्ष प्रो. नागेंद्र पांडेय ने कहा कि राष्ट्रहित में इसका प्रचार प्रसार सराहनीय है।

इस दौरान औषधीय पौधे स्टीविया, अजवाइन, हड़जोड़, पथरचट्टा, अश्वगंधा सहित मिलेट्स में श्री धान्य कोदो, सांवा, कुटकी, कंगनी, ज्वार, बाजरा से निर्मित आटे, आदि की प्रदर्शनी लगी। विशिष्ट अतिथि श्री काशी अग्रवाल समाज के सभापति संतोष कुमार अग्रवाल, मारवाड़ी समाज के संरक्षक दीपक बजाज, अशोक अग्रवाल सर्राफ रहे। स्वागत श्री सत्यकमलम पौधशाला व श्रीअन्नम मिलेट्स के अधिष्ठाता डॉ रचना अग्रवाल, पीयूष अग्रवाल और धन्यवाद सक्षम अग्रवाल ने किया। इसमें सुष्मिता केशरी, प्रियंका अग्रहरि, दीपक अग्रवाल, उत्तम अग्रवाल, शशांक अग्रवाल, अलोक शाह आदि रहे।

अतिक्रमण के आरोप में 3 केस दर्ज, 12 गिरफ्तार और 323 का चालान
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के निर्देश पर रविवार को भी कमिश्नरेट क्षेत्र में हटाने का अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान तीन मुकदमे दर्ज कर 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसके साथ ही 323 लोगों का चालान कर 365 अतिक्रमण हटाया गया। इस दौरान सड़क पर अतिक्रमण करने वाले 20 दुकानदारों का सामान जब्त किया गया।

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने शाम के समय श्री काशी विश्वनाथ धाम से लेकर दशाश्वमेध घाट तक पैदल गश्त की। गश्त के दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा के मद्देनजर गलियों में दुकानदारों को अतिक्रमण न करने और दोपहिया वाहन न खड़ा करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि सड़कों के किनारे फुटपाथ पर किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य न हो। 

खाते से 3.58 लाख निकालने वाला आरोपी मध्य प्रदेश से गिरफ्तार
धोखाधड़ी कर खाते से 3.58 लाख रुपये निकालने के आरोपी को कोतवाली व एएचटी की संयुक्त टीम ने मध्य प्रदेश से गिरफ्तार किया है। आरोपी को चालान कर न्यायालय पेश किया गया।

दिसबंर 2023 में वाराणसी रोहनिया थाना के औढ़े गांव निवासी आशीष सैनी ने पुलिस को तहरीर दी थी। आरोप लगाया कि उनके खाते से यूपीआई के माध्यम से 3.58 लाख रुपये निकाल लिए गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की।

एएचटी थाना निरीक्षक संतोष यादव ने विवेचना की। झांसी व ग्वालियर टीकमगढ़ मध्य प्रदेश में आॅनलाइन पैसा भेजकर नकद लेने वाले अभियुक्त रामसेवक कुशवाहा निवासी समरया थाना जेरोन जिला नेवाड़ी मध्य प्रदेश को 17 जनवरी को गिरफ्तार किया। उसके पास से 46200 रुपये व एक मोबाइल बरामद किया। पुलिस टीम ने न्यायालय न्यायिक मजिस्ट्रेट ओऱछा जिला टीकमगढ़ के समक्ष आरोपी को पेश कर रिमांड लेकर बलिया कोर्ट में पेश किया।

इंटरलाॅकिंग सड़क का लोकार्पण
कैंट से भाजपा विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने रविवार को रामपुर, रामनगर और ग्रामसभा भीटी के गायत्री नगर कॉलोनी में 26.42 लाख रुपये से बनी इंटरलॉकिंग सड़क का लोकार्पण किया। विधायक ने कहा कि स्थानीय निवासियों को सहूलियत मिलेगी। रामनगर मंडल अध्यक्ष प्रीति सिंह ने शिलापट्ट का अनावरण किया। पार्षद लल्लन सोनकर मौजूद रहे। 

लोहता थाने के सामने से 21 बनारसी साड़ी चोरी
लोहता थाने के सामने रविवार की दोपहर बाइक पर बंधा 21 बनारसी साड़ी का गट्ठर चोर चुरा ले गए। लोहता थाने की पुलिस घटना की जांच कर रही है। घमहापुर गांव के पूर्व प्रधान के पति अशोक कुमार पटेल जलकल विभाग से संबंधित एक मसले को लेकर लोहता थाने गए थे। वह बाइक से लोहता थाने के सामने पहुंचे। बाइक पर साड़ी का गट्ठर बंधा था। बाइक को सड़क किनारे खड़ा कर वह लोहता थाने के अंदर गए। एक घंटे बाद वह बाहर बाए तो साड़ी का गट्ठर बाइक से गायब था। अशोक की तहरीर के आधार पर पुलिस जांच कर रही है। 

दहेज हत्या के आरोप में गिरफ्तार पति गया जेल
शिवदासपुर क्षेत्र स्थित एक गेस्ट हाउस में विवाद के बाद जान देने वाली खुशबू सोनकर के पति लहरतारा निवासी हिमांशु कृष्णा को रविवार को मंडुवाडीह थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया। 

मंडुवाडीह थानाध्यक्ष भरत उपाध्याय ने बताया कि खुशबू का शव बीते शुक्रवार की भोर फंदे के सहारे लटका मिला था। उसके पिता चंदौली के महमूदपुर, मुगलसराय निवासी बसंतू सोनकर ने दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। मुकदमे में हिमांशु कृष्णा, उसका पिता भानु प्रताप, चाचा राजेंद्र सोनकर, प्रदीप सोनकर, भरत सोनकर, मां वंदना सोनकर, दादी कलावती सोनकर और दादा भोला सोनकर आरोपी हैं। 

सोता रहा परिवार, चोरों ने खंगाल डाला रिटायर्ड लेखपाल का घर
तेवर गांव (मटका का पुरा) में शनिवार की रात चोरों छत के रास्ते रिटायर्ड लेखपाल केशव लाल श्रीवास्तव उर्फ अर्जुन के घर में घुसे। घर से चोर लगभग 4.30 लाख रुपये और साढ़े पांच लाख से ज्यादा के जेवर चुरा ले गए। भुक्तभोगी ने रविवार को घटना की सूचना चोलापुर थाने की पुलिस को दी। 

रिटायर्ड लेखपाल केशव लाल श्रीवास्तव उर्फ अर्जुन के परिवार के सदस्य शनिवार की रात सोये हुए थे। देर रात चोर छत के रास्ते घर में घुसे और सभी कमरों का दरवाजा बाहर से बंद कर दिए। इसके बाद आलमारी में मकान निर्माण के लिए रखे हुए चार लाख 30 हजार रुपये और सोने की दो चेन व छह अंगूठी चुरा ले गए। रिटायर्ड लेखपाल ने बताया कि नकदी और गहने मिलाकर चोर लगभग 10 लाख रुपये की चपत लगाए हैं। 

शादी के 11 साल बाद पति सहित 6 के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का केस
कांशीराम आवास कॉलोनी इंद्रपुर निवासी इमाम हुसैन, उसके पिता मोहम्मद जलील अहमद, बड़े भाई मोहम्मद सैफ अली, भाभी शमीमा, सलमा और शकीला उर्फ गुड़िया, के खिलाफ दहेज उत्पीड़न के आरोप में शिवपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई कादीपुर की रहने वाली इमाम हुसैन की पत्नी मैसर परवीन की शिकायत पर की गई है।

मैसर परवीन ने पुलिस को बताया कि उनका निकाह वर्ष 2013 में इमाम हुसैन के साथ हुआ था। उनके तीन बच्चे भी हैं। वर्ष 2014 से ससुराल के लोग दहेज में कार की मांग को लेकर मारने-पीटने लगे। मामले की शिकायत शिवपुर थाने की पुलिस से करने पर काफी पंचायत के बाद ससुराल के लोग उन्हें अपने साथ रखने के लिए राजी हुए। 

उनके पिता अब्दुल खालिद ने पति को कार दिलाई। उनका पति उनके मायके में ही रहने लगा। कुछ दिन बाद पति शराब, गांजा और भांग का सेवन करने के साथ ही जुआ खेलने लगा। इसके चलते वह अक्सर उन्हें मारता-पीटता रहता था। 16 अक्तूबर 2024 की रात शराब पीकर पति मायके में अपने परिजनों के साथ आकर उन्हें मारापीटा। 

सूबेदार का पार्थिव शरीर पहुंचा गांव, की गई अंत्येष्टि
चोलापुर के तेवर गांव निवासी सूबेदार अनूप यादव (30) का बीमारी के कारण निधन हो गया। रविवार को उनका पार्थिव शरीर घर पहुंचा तो श्रद्धांजलि देने के लिए ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। परिजनों के साथ चोलापुर थानाध्यक्ष राकेश गौतम ने भी पार्थिव शरीर को कंधा दिया। अनूप यादव की अंत्येष्टि मणिकर्णिका घाट पर की गई।

तेवर गांव निवासी विजय शंकर यादव के दो पुत्र हैं और दोनों फौज में हैं। दो भाइयों में छोटे अनूप यादव लगभग 10 वर्ष पूर्व फौज में भर्ती हुए थे। मौजूदा समय में वह मध्य प्रदेश के इंदौर में सूबेदार के पद पर तैनात थे। परिजनों ने बताया कि फेफड़े में कफ जमने की वजह से उनकी तबीयत खराब हुई तो सुधार नहीं हुआ। उपचार के दौरान अस्पताल में ही उनका निधन हो गया। एक पुत्री और एक पुत्र के पिता अनूप की शादी आठ वर्ष पहले रीना उर्फ सोनी से हुई थी।

सीवर लाइन क्षतिग्रस्त की, 7 के खिलाफ दी तहरीर
चिरईगांव के पियरी गांव में सीवर लाइन को रविवार को मनबढ़ किस्म के सात लोगों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के संबंध में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि ने चितईपुर चौकी पर नामजद तहरीर देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पियरी की ग्राम प्रधान गीतांजलि सिंह ने बताया कि बच्चाराम के घर से राजाराम के घर के पास तक सरकारी पैसे से सीवर लाइन बिछाई गई थी। मनबढ़ किस्म के सात लोगों ने सीवर लाइन को जबरन तोड़ दिया और उसमें से कुछ पाइप भी उठा ले गए। उनके प्रतिनिधि पूर्व सूबेदार शत्रुघ्न सिंह मिंटू मौके पर पहुंचे। उन्होंने मनबढ़ों को मना किया तो सभी अपशब्दों का प्रयोग करते हुए धमकी देने लगे।

आज बनारस, सिटी से गुजरेंगी 12 स्पेशल ट्रेनें
महाकुंभ के लिए पूर्वोत्तर रेलवे के बनारस व सिटी से सोमवार को 12 मेला स्पेशल ट्रेनें संचालित होंगी। झूंसी, प्रयागराज रामबाग स्टेशनों पर  ट्रेनें रुकेंगी। जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि मेला स्पेशल ट्रेनों के संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर डायल कर सकते हैं या नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (एनटीईएस) वेब पोर्टल या मोबाइल एप की मदद ले सकते हैं। ब्यूरो 

अतिक्रमण रोकेंगे भूतपूर्व सैनिक
वरुणा नदी के किनारे होने वाले अतिक्रमण को रोकने के लिए भूतपूर्व सैनिकों की तैनाती की गई है। वीडीए वीसी पुलकित गर्ग ने बताया कि नदी किनारे अवैध निर्माण रोकना है। भूतपूर्व सैनिक स्वीकृत मानचित्र, दाखिल मानचित्र, सील प्रकरण, बकायेदार की जानकारी देने के अलावा अवैध निर्माणों पर कार्रवाई में मदद करेंगे। जोन एक में विजय बहादुर सिंह, अनिल कुमार सिंह और शिवपुर में संतोष यादव को तैनात किया गया है।  जोन दो में राम प्रसाद, शैलेश सिंह और जय शंकर यादव को तैनाती दी गई है। जोन तीन में उमा शंकर यादव तैनात रहेंगे।  

अनुराग वैभव स्मृति छात्रवृत्ति का वितरण आज
अनुराग वैभव प्रधान स्मृति छात्रवृत्ति का वितरण सोमवार को बच्छाव के महामना इंटर कॉलेज में किया जाएगा। पूर्व जिला विद्यालय निरीक्षक सोमारू प्रधान ने बताया कि अनुराग वैभव स्मृति छात्रवृत्ति पुरस्कार ग्रामीण क्षेत्र के मेधावी छात्र-छात्राओं को दिया जाता है, जो यूपी बोर्ड के विद्यालय में अध्ययनरत हैं। उन्होंने बताया कि छात्रवृत्ति का वितरण पांचवें साल किया रहा है। विद्यालय में कोष की स्थापना की गई है।

काशी में खुलेगा राजकीय संस्कृत विद्यालय
काशी में देववाणी संस्कृत को बढ़ावा देने के लिए अब काशी में भी राजकीय विद्यालय खुलेगा। इसका प्रस्ताव संस्कृत विद्यालय परिषद को भेज दिया गया है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि ठठरा या टिकरी में विद्यालय के निर्माण का प्रस्ताव है। राजकीय माध्यमिक संस्कृत विद्यालय में विद्यार्थियों को गुरुकुल की तरह ही बेहतर शिक्षा दी जाएगी। जिला विद्यालय निरीक्षक अवध किशोर सिंह ने बताया कि जिले में एक राजकीय विद्यालय खोलने की योजना है। इसे लेकर प्रस्ताव भेजा गया है, मंजूरी मिलते ही विद्यालय का निर्माण शुरू होगा। 

सारस्वत खत्री स्कूल के प्रबंधक बने आलोक
सारस्वत खत्री स्कूल का रविवार को चुनाव हुआ। जिसमें आलोक कपूर को प्रबंधक और मुकेश कक्कड़ को कोषाध्यक्ष चुना गया। नीलकंठ स्थित सरस्वती कन्या इंटर कॉलेज के अध्यक्ष राजकुमार धवन, उपाध्यक्ष पद के लिए आनंद नारायण कपूर निर्वाचित हुए। सुंडिया स्थित सरस्वती इंटर कॉलेज के अध्यक्ष विजय रमन सेठ और उपाध्यक्ष डॉ. अनुराग टंडन चुने गए। संरक्षक सभा के अध्यक्ष मुकुंद लाल टंडन व उपाध्यक्ष के पद पर प्रकाश टंडन निर्वाचित हुए।

असफलता को स्वीकारने से होगा जीवन बेहतर
बीएचयू के शारीरिक शिक्षा विभाग में कार्यशाला इटारा-25 का आयोजन हुआ। हरियाणा के खेल विवि के कुलपति और उत्तराखंड के पूर्व डीजीपी प्रो. अशोक कुमार ने कहा कि अनुशासन, दृढ़ता, आत्म समर्पण और असफलता को स्वीकार करने से ही जीवन में कुछ नया मिलता है।

आईपीएस कुहू गर्ग ने कहा कि घुटने की गंभीर चोट ने खेलों से डेढ़ साल दूर कर दिया, लेकिन इसी में सिविल सेवा की तैयारी शुरू की। आईपीएस बनी और देश सेवा में तमाम चुनौतियों को पीछे छोड़ने में सफलता मिल रही है। भारतीय ओलंपिक संघ की संयुक्त सचिव अलकनंदा अशोक ने कहा कि तकनीकी प्रगति और आधुनिक प्रशिक्षण विधि को अंतरराष्ट्रीय खेलों की मांग के तौर अपनाया जाए।

34 युवा शिक्षकों को किया गया सम्मानित
राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ काशी महानगर इकाई की ओर से आयोजित कर्तव्यबोध पखवारे में शिक्षकों के दायित्वों पर विस्तृत चर्चा की गई। बच्छाव स्थित शेपा संस्थान में आयोजित कार्यक्रम में कुलपति ने कहा कि समाज की दिशा और दशा दोनों शिक्षकों से ही निर्धारित होती है।

शेपा के निदेशक प्रो पृथ्वीश नाग ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 को पूरी तरह से लागू करने पर जोर दिया। कार्यक्रम में विश्व विद्यालय, महाविद्यालय, माध्यमिक एवं प्राथमिक विद्यालयों के 34 युवा शिक्षकों को सम्मानित भी किया गया। इसमें प्रो. अरविंद कुमार मिश्र, प्रो. प्रभात कुमार सिंह, प्रो. प्रेम प्रकाश सोलंकी, डॉ. आर पी सोनकर, प्राचार्य डॉ.राघवेंद्र पांडेय आदि शामिल रहे।

हर कोई रील में बिजी, पढ़ाई में प्रतिस्पर्धा कम
आईआईटी बीएचयू की जागृति-25 इवेंट का समापन हो गया। रविवाार को मैथमेटिक्स आइकॉन नेहा अग्रवाल ने टेक्नोसेवियों से कहा कि कभी भी हार मानो ही नहीं। कहा कि आज प्रतिस्पर्धा कम है। क्योंकि युवा पीढ़ी सोशल मीडिया और रील में ही बिजी है। ऐसे में आप बाजी मार सकते हो। सोशल मीडिया का इस्तेमाल का समय का नुकसान है। उन्होंने छात्रों से बातचीत में प्रॉब्लम सॉल्विंग स्किल समझाई। जागृति-25 इवेंट में तीन इवेंट्स के फाइनल राउंड हुए। इसके सहभागी पूरे भारत से आए थे। इसमें डीम्ड कॉलेज के छात्र थे। 

मिलेट्स, औषधीय पौधों की लगाई प्रदर्शनी 
प्रत्येक व्यक्ति को घर पर पौधे लगाने चाहिए और मिलेट्स का सेवन करने चाहिए। इससे मनुष्य बलवान और निरोगी होता है। यह बातें श्रीसत्यकमलम पौधशाला और श्रीअन्नम मिलेट्स की ओर से कैंट रोडवेज में प्रदर्शनी के उद्घाटन पर बतौर मुख्य अतिथि प्रो. नागेंद्र पांडेय ने कहीं। श्रीकाशी विश्वनाथ न्यास के अध्यक्ष प्रो. नागेंद्र पांडेय ने कहा कि राष्ट्रहित में इसका प्रचार प्रसार सराहनीय है।

इस दौरान औषधीय पौधे स्टीविया, अजवाइन, हड़जोड़, पथरचट्टा, अश्वगंधा सहित मिलेट्स में श्री धान्य कोदो, सांवा, कुटकी, कंगनी, ज्वार, बाजरा से निर्मित आटे, आदि की प्रदर्शनी लगी। विशिष्ट अतिथि श्री काशी अग्रवाल समाज के सभापति संतोष कुमार अग्रवाल, मारवाड़ी समाज के संरक्षक दीपक बजाज, अशोक अग्रवाल सर्राफ रहे। स्वागत श्री सत्यकमलम पौधशाला व श्रीअन्नम मिलेट्स के अधिष्ठाता डॉ रचना अग्रवाल, पीयूष अग्रवाल और धन्यवाद सक्षम अग्रवाल ने किया। इसमें सुष्मिता केशरी, प्रियंका अग्रहरि, दीपक अग्रवाल, उत्तम अग्रवाल आदि रहे। 

28087 बूथों पर सुनी पीएम के मन की बात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम को वाराणसी जिला एवं महानगर सहित काशी क्षेत्र के भाजपाइयों ने 28087 बूथों पर सुना। महीने के अंतिम रविवार को होने वाली मन की बात को इस बार गणतंत्र दिवस के चलते पहले ही कर दिया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि महाकुंभ की हजारों वर्षों से चली आ रही इस परंपरा में कहीं भी कोई भेदभाव और जातिवाद नहीं है। इसमें पूरे भारत से लोग आते हैं। कुंभ में अमीर-गरीब सभी एक हैं। उन्होंने कहा कि इस बार भारतीय गणतंत्र की 75वीं वर्षगांठ है। मैं संविधान सभा के उन सभी महान व्यक्तित्वों को नमन करता हूं, जिन्होंने हमें पवित्र संविधान दिया। प्रधानमंत्री ने सभी को गणतंत्र दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं। 

1.32 करोड़ के विकास कार्य का किया शिलान्यास
शिवपुरवा वार्ड के  मेयर अशोक कुमार तिवारी ने रविवार को 1.32 करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्यास किया। नगर निगम ने 22 लाख रूपए आदर्श नगर मोड़ पर विकास कार्य के लिए आवंटित किए है। उधर, सरायनंदन वार्ड के बड़ी पटिया क्षेत्र में 1.10 करोड़ रूपये क्षेत्र के लिए दिया गया है। वार्ड के कुछ लोगों ने सीवर पाइप लाइन को लेकर आपत्ति दर्ज कराई। मामले को संज्ञान में लेते हुए मेयर ने जनता की शिकायत का निस्तारण कराने का भरोसा दिलाया। पार्षद इंद्रा रानी, मदन मोहन तिवारी, सिंधु सोनकर, प्रवीन राय, विवेक कुशवाहा आदि शामिल रंहे।

इंटरलाॅकिंग सड़क का लोकार्पण 
कैंट से भाजपा विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने रविवार को रामपुर, रामनगर और ग्रामसभा भीटी के गायत्री नगर कॉलोनी में 26.42 लाख रुपये से बनी इंटरलॉकिंग सड़क का लोकार्पण किया। विधायक ने कहा कि स्थानीय निवासियों को सहूलियत मिलेगी। रामनगर मंडल अध्यक्ष प्रीति सिंह ने शिलापट्ट का अनावरण किया। पार्षद लल्लन सोनकर मौजूद रहे। 

शास्त्रीय एवं ख्याल शैली के गायन ने किया विभोर
काशी वंदन सांस्कृतिक में रविवार को नमो घाट पर कोलकाता के गायक प्रोसेनजीत चक्रबर्ती ने ख्याल गायिकी से प्रभावित किया। उन्होंने शास्त्रीय एवं ख्याल शैली के गायन से आनंदित किया। गायक ने कई बंदिशों को स्वर देकर सभी को मंंत्रमुग्ध कर दिया। संचालन और धन्यवाद ज्ञापन जिला काशी विरासत संरक्षण समिति के सदस्य अंकित सिंह ने किया। 

जनता परिवर्तन के लिए करेगी मतदान 
समाजवादी युवजन सभा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष विकास यादव दो दिवसीय दौरे पर रविवार को काशी पहुंचे। सपा नेता विष्णु शर्मा के नेतृत्व में सपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान विकास यादव ने कहा कि 2027 में यूपी की जनता परिवर्तन के लिए मतदान करेगी और पीडीए की जीत निश्चित रूप से होगी। विकास यादव ने काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने चंद्रमौलि उपाध्याय की मां भगवती उपाध्याय के निधन पर शोक व्यक्त किया। उनके रोहित नगर काॅलोनी नरिया स्थित उनके आवास पर जाकर शोक संवेदना प्रकट की। 
विज्ञापन

प्रेमचंद ने दिया स्त्रीपात्रों को सामाजिक आधार
प्रेमचंद मार्गदर्शन केंद्र ट्रस्ट ने प्रेमचंद स्मारक स्थल लमही में रविवार को सुनों मैं प्रेमचंद कहानी का पाठ 1434वें दिवस पर किया। प्रो. श्रद्धानंद ने अपने विचार रखे। उन्होंने बताया हिंदी साहित्यिक परंपरा में जहां स्त्रियां केवल कथा में एक पात्र मात्र से अधिक की स्थिति में उपस्थित नहीं थीं, वहीं उपन्यास सम्राट मुंशी प्रेमचंद ने अपने स्त्री पात्रों को एक ठोस सामाजिक-आर्थिक आधार पर रखकर महिलाओं की समाज में अभिव्यक्ति को संभव बनाया।

प्रेमचंद की कहानी का पाठन लेखक अविनाश पाण्डेय ने किया। उनका सम्मान ट्रस्ट के संरक्षक प्रकाशचन्द्र श्रीवास्तव व निदेशक राजीव गोंड, डॉ. संजय ने किया। संचालन आयुषी दूबे व स्वागत मनोज विश्वकर्मा ने किया। इस मौके पर चंदन पटेल, रामजी सिंह, रोहित गुप्ता, संजय श्रीवास्तव, सुरेश दूबे रहे। 

10 से अधिक देशों में दे रहे हैं सनातन की शिक्षा
इंटरनेशनल वेदांत सोसाइटी के सचिव स्वामी प्रबुद्धानंदपुरी ने कहा कि संस्था सनातन धर्म की शिक्षा का प्रसार कर रही है। अभी तक 10 से अधिक देशों में सनातन की शिक्षा दी जा रही हैं। इससे प्रभावित होकर कई देशों के लोग महाकुंभ में स्नान करने और जानने के लिए भारत आए हैं।

उन्होंने पराड़कर भवन में पत्रकारों को बताया कि अमेरिका, नीदरलैंड, हालैंड, सिंगापुर, इंडोनेशिया, हांगकांग, बाली और यूके देशों में सोसाइटी के सेंटर खुले हैं। वहां पर भागवद्गीता, वेदांत, उपनिषद सहित सनातन धर्म की शिक्षा दी जाती है। ध्यान के साथ लोगों में आध्यात्मिक चेतना जागृत की जा रही हैं। साथ ही बताया कि बनारस में भी सनातन धर्म की शिक्षा के लिए सेंटर खुला है। यहां सैकड़ों लोग आध्यात्मिक चेतना बढ़ा रहे हैं। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें