त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में तीन ब्लाक के चार गांवों के पांच बूथ पर दोबारा मतदान होगा। इसके लिए चुनाव प्रेक्षक ईशा दुहन ने राज्य निर्वाचन आयोग को रिपोर्ट भेजकर मतदान के लिए नई तारीख मांगी है। प्रेक्षक के अनुसार परसादपुर, रायपुर, गरथौली, मवैया में चुनाव प्रक्रिया बाधित हुई थी। जिसकी रिपोर्ट संबंधित अधिकारियों से मांगी गई थी। रिपोर्ट के आधार पर आयोग को पूरी जानकारी दी गई है।
जिला निर्वाचन अधिकारी जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा के अनुसार पिंडरा के परसादपुर गांव के दो बूथों पर दोबारा मतदान होगा। बूथ संख्या 310 में मतदान के बाद कुछ अवांछनीय तत्वों ने मतपेटी को अपने कब्जे में ले लिया था। जिसके चलते उसकी सील टूट गई और चुनाव प्रक्रिया बाधित हो गई। बूथ संख्या 311 में मतदान के बाद कुछ अवांछनीय तत्वों ने मतपेटी पर पथराव किया गया। मतपेटी 1 घंटे तक लावारिस अवस्था में पड़ा रहा। इसके चलते मतदान प्रक्रिया बाधित हो गई। यहां पर पीठासीन अधिकारी द्वारा एफआई आर भी दर्ज कराई गई है।