उत्तर प्रदेश में नगर निकाय के अंतिम और तीसरे दौर के लिए चुनाव प्रचार का शोर सोमवार शाम पांच बजे थम गया। इस चरण में 26 जिलों में आगामी 29 नवंबर को मतदान होगा।इसके पूर्व प्रत्याशियों ने जुलूस और सभाओं की जरिये प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी थी।
नगर निकाय के तीसरे चरण के चुनाव प्रचार के अंतिम दिन सोमवार को पूर्वांचल के मऊ, मिर्जापुर, जौनपुर और चंदौली जिलों में प्रमुख दलों के साथ ही सभी प्रत्याशियों ने जुलूस और सभाओं के जरिए अपनी ताकत का एहसास कराया। शाम पांच बजते ही प्रचार कार्य बंद कर दिया गया।
इसके बाद प्रत्याशी और उनके समर्थक घर-घर जनसंपर्क में जुट गए। देर रात मतदाताओं का निहोरा किया जाता रहा। निकाय चुनाव के अंतिम चरण में होने वाले मतदान के लिए चुनाव प्रचार सोमवार की शाम पांच बजे थम गया।
चुनावी शोर भले ही थम गया हो लेकिन इसके साथ ही अंदरूनी राजनीति का दौर शुरू हो गया। राजनीति के जानकारों का कहना है कि मतदान के पूर्व का 48 घंटा सबसे महत्वपूर्ण है।
नगर निकाय चुनाव के पहले चरण का मतदान 22 नवंबर को हुआ था, जबकि दूसरे चरण का मतदान 26 नवंबर को संपन्न हुआ। अब 29 नवंबर को तीसरे और अंतिम चरण का मतदान है। मतगणना 01 दिसंबर को होगी।