होली के दौरान हुड़दंगियों पर पुलिस शहर में सार्वजनिक स्थानों पर लगे ढाई सौ से ज्यादा सीसी कैमरे की मदद से नजर रखेगी। इसके साथ ही होली जुलूस जिन मार्गों से निकलेंगे, उनके किनारे की दुकानों और मकानों के मालिकों से अपील की गई है कि वह अपने सीसी कैमरें दुरुस्त करा लें। पीस कमेटी की बैठकें रोजाना आयोजित करने के साथ ही विवादित स्थलों की समस्याएं समय से सुलझाने का निर्देश थानेदारों को दिया गया है। होली जुलूस निकालेगा तो धार्मिक स्थलों पर संभ्रांत लोगों की टोली के साथ ही पुलिस तैनात रहेगी।
एडीजी जोन बृज भूषण ने बृहस्पतिवार की शाम पुलिस लाइन में होली के मद्देनजर बैठक की। एडीजी जोन ने कहा कि मिश्रित आबादी वाले संवेदनशील इलाकों में पुलिस अतिरिक्त सतर्कता बरते। सार्वजनिक स्थानों पर होली के नाम पर हुड़दंग नहीं होना चाहिए। शांति समितियों की रोजाना बैठकें आयोजित कर विवाद का कारण बनने वाले बिंदुओं का समाधान कर लिया जाए।
थानों के पब्लिक एड्रेस सिस्टम होली के दिन सही से काम करें, इसके लिए उन्हें चेक कर लिया जाए। थानाध्यक्ष अपने क्षेत्र के डिजिटल वालंटियर और संभ्रांत लोगों की मदद से माहौल पर नजर रखें। कहीं भी विवाद हो तो पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचे। इस दौरान आईजी रेंज विजय सिंह मीणा, एसएसपी प्रभाकर चौधरी, एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह, एसपी ग्रामीण एमपी सिंह, एसपी क्राइम ज्ञानेंद्र के साथ ही सभी क्षेत्राधिकारी और थानेदार मौजूद रहे।
पुलिस रिकार्ड के अनुसार जिले में 2223 पर होलिका जलाई जाती है। इनमें से 352 होलिका संवेदनशील हैं और 84 अति संवेदनशील हैं। एसएसपी ने बताया कि अति संवेदनशील होलिका की निगरानी दरोगा करेंगे। संवेदनशील होलिका की निगरानी के लिए सिपाही तैनात किए जाएंगे। इसके अलावा जो होलिका हैं उनकी निगरानी संबंधित क्षेत्र के थानेदार, हल्का प्रभारी और बीट आरक्षी करेंगे। फैंटम दस्ता और पुलिस रिस्पांस व्हीकल भी इस संबंध में अतिरिक्त सतर्कता बरतेगा। किसी को किसी नए स्थान पर होलिका जलाने की अनुमति नहीं दी जाएगी और न कोई नई परंपरा शुरू करने दी जाएगी।