वाराणसी। बकरीद पर्व को सकुशल संपन्न कराने को लेकर पुलिस आयुक्त ने मंगलवार को काशी और वरुणा जोन के पुलिस अधिकारियों संग वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए विशेष दिशा निर्देश दिया। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करते रहे और धर्मगुरुओं सहित इलाके के प्रबुद्धजनों संग संवाद स्थापित करें। शहर में बीस क्विक रिस्पांस टीम चक्रमण करती रहेगी। साथ ही आईटीबीपी और पीएसी भी तैनात रहेगी।
पुलिस आयुक्त ने शहरवासियों से अपील भी की कि शांति और सौहार्द वातावरण में बकरीद पर्व मनाएं। सावन को लेकर भी पुलिस अधिकारियों को विशेष दिशा निर्देश दिया। दोपहर से लेकर देर शाम तक वरुणा और काशी जोन के पुलिस कर्मियों ने शहर में मार्च निकालकर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता की। उधर, सावन और बकरीद के मद्देनजर काशी जोन के एडीसीपी विकास चंद्र त्रिपाठी, एसीपी कोतवाली प्रवीण कुमार सिंह ने आदमपुर थाना अंतर्गत धर्मस्थलों में लाट भैरव, ओमकालेश्वर मंदिर सहित विभिन्न धर्मस्थलों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान पुजारी, मुतवल्ली से बातचीत कर उनकी समस्याओं और सुझावों को भी डायरी में नोट किया। वहीं पुलिस कर्मियों की ब्रीफिंग की गई।