वाराणसी। महमनापुरी कॉलोनी में रविवार की रात चितईपुर चौकी प्रभारी से सफारी सवार युवकों ने बदसलूकी कर हाथापाई की। सफारी सवार एक युवक खुद को पुलिसकर्मी का भतीजा बता रहा था। इसलिए लंका थाने की पुलिस ने तीनों युवकों का शांतिभंग के आरोप में चालान किया। इस लचर कार्रवाई को लेकर सोशल मीडिया पर सवाल उठे तो एसपी सिटी ने लंका थाने की पुलिस को फटकार लगाकर उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने का निर्देश दिया।
सफारी सवार लंका क्षेत्र निवासी शुभांगम सिंह अपने दो साथियों के साथ महमनापुरी कॉलोनी के मोड़ पर एक मोटरसाइकिल सवार से उलझा हुआ था। मौके से गुजर रहे चितईपुर चौकी प्रभारी राजू राय रुक कर सभी को समझाने लगे। आरोप है कि इस पर शुभांगम और उसके दोस्त वाहन से नीचे उतर कर चौकी प्रभारी के साथ बदसलूकी और हाथापाई किए। इसे लेकर लंका इंस्पेक्टर अश्वनी कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि शुभांगम सिंह और भेलूपुर के उत्कर्ष सिंह व निशांत दूबे शराब के नशे में चौकी इंचार्ज से दुर्व्यवहार किए थे। हाथापाई की बात सही नहीं है। तीनों का शांतिभंग के आरोप में चालान किया गया है। उधर, उच्चाधिकारियों को पता लगा कि पुलिस हल्के में मामला रफादफा कर रही है तो एसपी सिटी ने जानकारी ली। एसपी सिटी विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि लंका इंस्पेक्टर को कहा गया है कि तीनों युवकों के खिलाफ समुचित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई करें।