महाशिवरात्रि पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने को लेकर भोर से ही पुलिस फोर्स मुस्तैद है। पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश ने तैयारियों का जायजा लिया। भक्तों से सुरक्षा व्यवस्था का फीडबैक भी लिया। साथ में एसीपी दशाश्वमेध अवधेश पांडेय भी मौजूद रहे। गोदौलिया से लेकर चौक तक पुलिस फोर्स लगातार चक्रमण कर रही है।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और पीएसी जवान तैनात किए गए हैं। वहीं बाबा विश्वनाथ धाम में श्रद्धालुओं से पुलिसकर्मियों द्वारा दुर्व्यवहार नहीं किया जाए, इसके लिए पुलिसकर्मियों को विशेष दिशा निर्देश दिया गया है। सोमवार की शाम से ही गोदौलिया, बांसफाटक और चौक इलाके में पुलिसकर्मियों ने सुरक्षा के बाबत कई चक्र जांच अभियान चलाया गया। वहीं मार्कंडेय महादेव कैथी और रामेश्वर में उमड़ने वाली भक्तों की भीड़ को देखते हुए फायर ब्रिगेड को भी मुस्तैद किया गया है।
काशी जोन में पड़ने वाले बीएचयू स्थित विश्वनाथ मंदिर, केदारघाट स्थित गौरी केदारेश्वर, तिलभांडेश्वर महादेव मंदिर के बाहर पीएसी और महिला और पुरुष पुलिस कर्मी तैनात हैं। बैजनत्था स्थित बैजनाथ और घृष्णेश्वर महादेव के बाहर भी सुरक्षा और डायवर्जन को लेकर पुलिसकर्मी ड्यूटी पर मुस्तैद है।