वाराणसी। गोसाईंपुर (चोलापुर) में बीते 21 अगस्त को एक मजदूर की चोरी के शक में बंधक बनाकर पिटाई करने से मौत के मामले में पुलिस ने भट्ठा मालिक अजय सिंह और उसके दोस्त विशाल सिंह को गिरफ्तार कर सीजेएम कोर्ट में पेश किया। यहां से दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार ने बताया कि चंदौली के धानापुर का मूल निवासी रामजनम वनवासी (45) गोसाईंपुर के बड़कीबारी गांव स्थित अपनी ससुराल में रहता था। वह चिरईगांव, चौबेपुर में एक ईंट-भट्ठे पर काम करता था। पास के हड़ियाडीह, चौबेपुर में शिवदशा निवासी अजय सिंह का भी ईंट-भट्ठा है। आरोप है कि 20 अगस्त को रामजनम अजय सिंह के ईंट-भट्ठे के पास टहलता दिखा। उसे चोरी के शक में अजय सिंह ने पकड़ लिया और अपने साथी गरथौली निवासी विशाल सिंह के साथ मिलकर पेड़ से बांधकर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। रामजनम के बेसुध होने पर दोनों उसे गोसाईंपुर स्थित उसकी ससुराल पहुंचाने चले। रास्ते में मौत होने पर दोनों शव को धान के खेत में छोड़कर भाग गए।
पुलिस ने 21 अगस्त को शव बरामद कर परिजनों से शिनाख्त कराई थी। उस समय शराब के नशे में गिरने और गंभीर चोट लगने से मौत की आशंका जताई गई थी। इस बीच बुधवार को पेड़ से बांधकर पिटाई का वीडियो सामने आने पर पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। हत्या के आरोप में अजय सिंह और विशाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया।