Varanasi News: वाराणसी जिले में सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवक के साथ 11 लाख रुपये की ठगी हुई। मामले में भुक्तभोगी युवक ने कैंट थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
एक बेरोजगार युवक को सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर 11 लाख रुपये की ठगी की गई। मामले को लेकर गाजीपुर जिले के बिरनो थाना के सियाबारी गांव के मूल निवासी और विंध्यवासिनी नगर में रहने वाले सुनील कुमार की तहरीर पर कैंट थाने में चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
विज्ञापन
सुनील कुमार ने पुलिस को बताया कि वह अनुसूचित जाति का बेरोजगार युवक है। पड़ोसी गांव तहबरपुर (मेढ़ो गांव) की लीला देवी और उसके पति संतोष कुमार ने उसकी सरकारी नौकरी लगवाने का भरोसा दिया था। इसके लिए उसने दंपती को 4 फरवरी 2019 से मई 2019 तक चार लाख दस हजार रुपये दिया।
मई 2019 में दंपती ने कचहरी में सचिवालय अधिकारी बताते हुए जयप्रकाश सिंह और उसकी बहन मनोरमा सिंह से मुलाकात कराई। इसके बाद चारों ने उसे भरोसा दिलाया कि हम लोग कई लोगों की नौकरी लगवा चुके हैं। फिर, सभी ने लगभग सात लाख रुपये और लिया। हालांकि अब तक न उसकी नौकरी लगी और न पैसा मिला। अब चारों लोग उसका कॉल भी नहीं रिसीव करते हैं।
हाल ही में कचहरी में चारों मिले तो पैसा मांगने पर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए जान से मारने की धमकी दिए। इस संबंध में कैंट इंस्पेक्टर ने बताया कि धोखाधड़ी और धमकाने सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।