Varanasi News: खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की जांच में मेसर्स शिवांश फार्मा में गड़बड़ी मिली। एफएसडीए की टीम जब दुकान पर पहुंची, तो पता चला कि आठ महीने से दुकान बंद है। दुकान को किराये पर लिया गया था।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने मेसर्स शिवांश फार्मा और उसके प्रोपराइटर शुभम चौरसिया निवासी रेउवा, चिरईगांव के खिलाफ चौबेपुर थाने में केस दर्ज कराया। आरोप है उसने कोडीन युक्त सिरप खरीदकर दूसरी जगह खपाया।
विज्ञापन
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की जांच में सामने आया कि शिवांश फार्मा ने ओएमएचएस मेडिकेयर, हरिहपुर से ओमेरेक्स टी सिरप की 32,871 बोतलें 15 जुलाई से 13 अक्टूबर 2025 के बीच 18 बिलों पर खरीदी थीं। एफएसडीए की टीम जब रेउवा स्थित दुकान पर पहुंची, तो पता चला कि आठ महीने से दुकान बंद है। दुकान को शुभम ने सुरेश कुमार सोनकर से किराये पर लिया था।
औषधि निरीक्षक ने आरोपी को नोटिस जारी कर सात दिनों में स्टॉक की जानकारी मांगी। जवाब नहीं मिलने पर चौबेपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया। औषधि निरीक्षक जुनैद अली ने बताया कि 15 अक्तूबर को जांच की गई थी। नोटिस देकर जवाब मांगा था। विभाग की तरफ से 7 अक्तूबर को चौबेपुर थाने में तहरीर देकर मेसर्स शिवांश फार्मा और उसके प्रोपराइटर शुभम चौरसिया के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया।