मुकदमा दर्ज, कोर्ट में पेशकर पुलिस ने भेजा जेल
- फोटो : अमर उजाला
कभी जिला जज तो कभी विधायक तो कभी प्रमुख सचिव बनकर पुलिस सहित विभाग के अन्य अधिकारियों को फोन कर धमकाने व गालियां देने वाले बदमाश को पुलिस ने दबोच लिया। गुरुवार को खुलासा करते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस की मानें तो सीयूजी पर कॉल कर धमकी देने के मुख़्य आरोपी बलिया जेल में निरुद्घ है। पकड़ा गया आरोपी मुख्य आरोपी का सहयोगी है। मऊ जिले के कोपागंज थाने के प्रभारी निरीक्षक आरके द्विवेदी को 20 और 21 मई को जौनपुर के मुंगरा बादशाहपुर की पूर्व विधायक सीमा द्विवेदी के नाम पर और बिहार के सहरसा जिला जज और सचिवालय से तीन अलग-अलग मोबाइल नंबरों से फोन कर जान से मारने तथा पूरे परिवार को क्षति पहुंचाने की धमकी दी गई थी।
फोन करने वाले ने पुलिस पर कोपागंज थाना क्षेत्र के ही भरथिया कादीपुर में उपजे जमीन विवाद को निपटाने के लिए फोन किया था। इस पर कोपागंज थाना प्रभारी ने रिपोर्ट दर्ज कराई।
साथ ही उस फोन कॉल के बारे में जानकारी जुटाने जुट गई। रिकार्ड खंगालने के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना का मुख्य आरोपी चंदन कन्नौजिया उर्फ चांदनी पुत्र गुलाब धोबी है जो बलिया जिले के बांसडीह थाना क्षेत्र के गोठौली गांव का है।
पुलिस ने बताया कि जेल में निरुद्घ चंदन कन्नौजिया उर्फ चांदनी जेल से ही कभी जिला जज तो कभी विधायक तो कभी सचिवालय से सचिव बनकर पुलिस सहित विभाग के अन्य अधिकारियों को फोन कर धमकाने के साथ ही गालियां भी देता था। उसके विरुद्घ गाजीपुर, बलिया और मऊ जिले में धोखाधड़ी और अधिकारियों को धमकाने के कई मामले दर्ज हैं।