वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 16 फरवरी के आगमन के मद्देनजर बुधवार को स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी) की टीम शहर पहुंची। बाबतपुर एयरपोर्ट पर एसपीजी के अधिकारियों ने जिला पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों के साथ एडवांस सिक्योरिटी लायजनिंग (एएसएल) बैठक की। इसके बाद एसपीजी ने प्रधानमंत्री के कार्यक्रम स्थलों और उनकी आवाजाही के रूट का निरीक्षण किया। वहीं, केंद्रीय खुफिया एजेंसियों के अधिकारियों का 20 सदस्यीय दल शहर आ गया है। पीएम की सुरक्षा में एनएसजी कमांडो के अलावा पुलिस, पीएसी और सेंट्रल पैरामिलिट्री फोर्स के 10 हजार से अधिक जवान तैनात किए जाएंगे। पुलिस लाइन से जंगमबाड़ी जाने वाले मार्ग पर बैरिकेडिंग कर रूफ टॉप फोर्स तैनात की जाएगी। जंगमबाड़ी, बड़ा लालपुर और पड़ाव स्थित कार्यक्रम स्थल पर पांच सौ पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में तैनात रहेंगे। पानी की टंकियों का इस्तेमाल वॉच टॉवर के तौर पर किया जाएगा। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने बताया कि सुरक्षा के चाकचौबंद बंदोबस्त रहेंगे।
सीएए का विरोध करने वाले लोगों को लेकर अतिरिक्त सतर्कता
नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) और एनआरसी का विरोध करने वाले संगठनों और उनसे जुड़े लोगों को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। पुलिस और स्थानीय अभिसूचना इकाई उनकी निगरानी कर रही है। सोशल मीडिया सेल को भी सतर्क किया गया है।
बेतरतीब खड़े वाहनों का किया चालान
बाबतपुर। एयरपोर्ट रोड और बाबतपुर चौराहे पर बेतरतीब तरीके से खड़े वाहनों के खिलाफ बुधवार को पुलिस ने कार्रवाई की। कुछ वाहनों के कागजात सही नहीं मिलने पर चालान किया गया। फूलपुर इंस्पेक्टर सनवर अली ने बताया कि पिछले तीन दिन के भीतर 45 गाडि़यों का चालान और पांच को सीज किया गया।