रोड शो का रूट मलदहिया चौराहे से शुरू होकर लहुराबीर, कबीरचौरा, लोहटिया, मैदागिन, नीचीबाग, चौक होते हुए बाबा विश्वनाथ धाम तक जाएगा। जहां से प्रधानमंत्री बाबा विश्वनाथ से आशीर्वाद लेने के बाद सोनारपुरा, अस्सी मार्ग से होते हुए बीएचयू गेट पर स्थित पंडित मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा पर माल्यापर्ण करेंगे। पीएम मोदी रात्रि विश्राम वाराणसी में करेंगे।
पीएम मोदी के रोड शो के लिए की जा रही सजावट
- फोटो : अमर उजाला
पीएम के रोड शो के लिए भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी है। भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष महेश चंद श्रीवास्तव ने बताया कि अपने सांसद और देश के प्रधानमंत्री का बनारस में भव्य स्वागत करने को भाजपा कार्यकर्ताओं से ज्यादा काशीवासी बेताब हैं। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को काशी पूरी तरह से मोदीमय नजर आने वाली है।
पीएम मोदी आठों विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्याशियों के समर्थन में शनिवार को खजूरी में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसमें भाजपा ने सभी बूथों के कार्यकर्ताओं की सहभागिता की कार्ययोजना बनाई है। इसके बाद वे महमूरगंज स्थित लॉन में प्रबुद्धजनों से भी संवाद करेंगे। प्रचार थमने से पहले वे दिल्ली रवाना हो जाएंगे।