दो दिवसीय दौरे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनता से करेंगे सीधा संवाद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपना 68वां जन्मदिन अपने संसदीय क्षेत्र की जनता के साथ 17 सितंबर को मनाएंगे। प्रधानमंत्री 17 सितंबर की शाम को वाराणसी आएंगे और डीरेका में आयोजित स्वच्छता पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। 18 सितंबर को जनता के साथ सीधा संवाद करेंगे और दोपहर बाद यहां से रवाना होंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सर्किट हाउस में मंगलवार को भाजपा पदाधिकारियों और अधिकारियों के साथ इसकी चर्चा की। काशी आगमन पर पीएम करोड़ों की परियोजनाओं की सौगात दे सकते हैं। इस दौरान रिंग रोड के चालू होने की संभावना है।
पार्टी सूत्रों की मानें तो पीएम के 68वें जन्मदिन पर जिले के 68 दलित बस्तियों में विशेष सफाई अभियान होगा। जिले के 68 स्थानों पर मेडिकल शिविर लगाए जाएंगे। यही नहीं पीएम के संसदीय क्षेत्र के सभी मतदाताओं को पीएम की ओर से काशी में हुए विकास के संबंध में खुला पत्र दिया जाएगा। साथ ही मेरी काशी पुस्तिका बांटी जाएगी।
इस काम को पार्टी कार्यकर्ता अंजाम देंगे। संगठन और जनप्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक में सीएम ने सभी विधायकों और पदाधिकारियों को हिदायत दी है कि हर विधानसभा में कम से कम 50 हजार मतदाताओं का नाम जोड़ा जाए।
इसके अलावा गलत लोगों के नाम हटाए जाएं। इस काम को मन लगा के करें ताकि किसी प्रकार की कमी न रहने पाए। साथ ही केंद्र की योजनाओं का प्रचार प्रसार अपने अपने विधानसभाओं में करें।