प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29 दिसंबर को दोपहर बाद वाराणसी आएंगे। हस्तकला संकुल में ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट’ प्रदर्शनी का उद्घाटन करने के बाद वह चांदपुर स्थित कृषि अनुसंधान केंद्र परिसर में तैयार चावल अनुसंधान केंद्र आएंगे। यहां लोकार्पण और शिलान्यास के बाद जनसभा को संबोधित करेंगे। यहां से प्रधानमंत्री सड़क मार्ग से शहर भ्रमण करते हुए बाबतपुर एयरपोर्ट जा सकते हैं। इस दौरान प्रवासी भारतीय सम्मेलन के मद्देनजर की जा रही तैयारियों को भी देखेंगे।
अपने संसदीय क्षेत्र के 16वें दौरे पर 29 दिसंबर को आ रहे प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जा रहा है। प्रशासनिक सूत्रों की मानें तो प्रधानमंत्री बाबतपुर एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर से गाजीपुर जाएंगे। यहां जनसभा करने के बाद हेलीकॉप्टर से ही वाराणसी के बड़ा लालपुर स्थित हस्तकला संकुल पहुंचेंगे।
एक जिला एक उत्पाद प्रदर्शनी का उद्घाटन करने के बाद उद्यमियों और व्यापारियों से संवाद करेंगे। इसके बाद हेलीकॉप्टर से ही चांदपुर स्थित चावल अनुसंधान केंद्र आएंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बाबतपुर लौटेंगे, इसके लिए हेलीकाप्टर से अलावा सड़क मार्ग का विकल्प रखा जा रहा है। 29 दिसंबर की शाम बाबतपुर एयरपोर्ट से अंडमान जाएंगे और वहां रात्रि प्रवास करेंगे।