प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीएचयू में एमसीएच विंग के उद्घाटन के बाद कोरोना वारियर्स के साथ संवाद करते हुए संभावित तीसरी लहर पर ध्यान केंद्रित करने को कहा। करीब 20 मिनट तक हुए संवाद में पीएम ने कहा कि दूसरी लहर में आईं चुनौतियों का सामना करने के अपने अनुभवों को एक दूसरे से साझा करने की जरूरत है। साथ ही इसका डॉक्यूमेंटेंशन यानी रिकार्ड रखा जाए, जिससे कि तीसरी लहर की जंग को आसानी से जीता जा सके।
एमसीएच विंग में आईएमएस बीएचयू निदेशक, बाल रोग विशेषज्ञों, मंडलीय समेत अन्य अस्पतालों के एसआईसी, सीएमएस संग संवाद में पीएम का पूरा फोकस संभावित तीसरी लहर पर रहा। उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच, ऊर्जा, विश्वसनीयता के साथ ही तीसरी लहर के लिए खुद को तैयार करने की जरूरत है। इस दौरान संक्रमण से बचाव के लिए अधिक से अधिक लोगों का टीकाकरण कराने के लिए प्रेरित किया। पीएम ने ग्रामीण क्षेत्रों में भी जहां मरीज, वहीं पर इलाज की व्यवस्था को भी जारी रखने का आह्वान किया।
पीएम के पैर छूने झुकी तो मोदी बोले, महिला शक्ति को प्रणाम
प्रधानमंत्री जब बाबतपुर एयरपोर्ट पर पहुंचे तो जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या उनका स्वागत करने पहुंची। जिला पंचायत अध्यक्ष प्रधानमंत्री का पैर छूने के लिए झुकीं तो पीएम पीछे हट गए और कहा कि महिला शक्ति को प्रणाम। प्रधानमंत्री से पहली मुलाकात के बाद पूनम मौर्या बेहद उत्साहित नजर आईं। पूनम ने कहा कि प्रधानमंत्री मेरे लिए पितातुल्य हैं। उन्होंने नारी शक्ति के सम्मान के लिए देश भर में ढेर सारे कार्य किए हैं। आज भी उन्होंने नारी शक्ति के सम्मान में अपने कदम पीछे खींच लिए और मुझे आशीर्वाद दिया। यह मेरे लिए सौभाग्य की बात है। पीएम मेरे लिए एक प्रेरणा स्त्रोत है, उनके द्वारा शुरू किए गए विकास कार्य को आगे बढ़ाने में मैं खुद का सौभाग्य समझूंगी।
पीएम मोदी की एक झलक के लिए धूप में इंतजार करते दिखे लोग
बीएचयू एमसीएच की गेट के बाहर और अस्पताल की खिड़कियों से बृहस्पतिवार को लोग प्रधानमंत्री की एक झलक पाने के लिए चिलचिलाती धूप में इंतजार करते दिखे। आईआईटी मैदान में जनसभा को संबोधित करने के बाद ठीक 12.20 पर प्रधानामंत्री नरेंद्र मोदी का काफिला अत्याधुनिक महिला एवं बाल चिकित्सालय में प्रवेश किया। इस दौरान परिसर के बाहर और सर सुंदरलाल अस्पताल की खिड़की से लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक झलक के लिए काफी उत्सुक दिखाई दिए। इनमें कुछ लोग अपनी मोबाइल से फोटो ओर सेल्फी भी ले रहे थे।
पीएम ने थपथपाई कृपाशंकर सिंह की पीठ
महाराष्ट्र के पूर्व गृहमंत्री कृपा शंकर सिंह पीएम की आगवानी के लिए बाबतपुर एयरपोर्ट पर पहुंचे। पीएम मोदी ने अपने वाराणसी आगमन के दौरान उनकी पीठ थपथपाई। उन्होंने कहा कि अब तक हमारी विचारधाराएं अलग थी, लेकिन अब हम एक है। अलग-अलग विचार धारा के लोग जब एक साथ एक मंच पर आते है तो देश निश्चित ही विकास की राह पर आगे बढ़ता है। वहीं कृपाशंकर सिंह ने प्रधानमंत्री का झुक कर अभिवादन किया।