प्रधानमंत्री नरेंद्र मादी के काशी आगमन पर कांग्रेस नेताओं को मिले नोटिस और नेताओं को नजरबंद किए जाने पर पूर्व विधायक अजय राय व महानगर अध्यक्ष ने रोष जताया। पूर्व विधायक ने कहा कि सरकार कांग्रेस की आवाज से डरती है।
लोकतंत्र में विपक्ष के प्रति इस प्रकार की ओछी मानसिकता रखना निंदनीय है। महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि हमारे नेताओं और कार्यकर्ताओं को नोटिस भेजकर नजरबंद करके प्रताड़ित करने का प्रयास सरकार कर रही है।
पढ़ेंः पीएम मोदी आज बनारस में: प्रधानमंत्री के उपहार काशीवासियों के जीवन को देंगे संवार
प्रधानमंत्री के जनसभा स्थल पर किसी तरह की कोई बात नहीं हो, इसके लिए पुलिस प्रशासन ने एहतियातन कई नेताओं के यहां पहरा बैठा दिया है। समाजवादी पार्टी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के महानगर सचिव अमन यादव के सामनेघाट स्थित घर पर पुलिस ने पहरा बैठा दिया। वहीं सीरगोवर्धनपुर निवासी सपा नेता अजय यादव को भी नजरबंद कर लिया गया। अन्य नेताओं के यहां भी पुलिस ने दबिश दी।
आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता मुकेश सिंह ने बताया कि पदाधिकारियों को उनके घर पर नजरबंद किया गया है। प्रदेश प्रवक्ता सहित कई पदाधिकारियों को नोटिस जारी करके 25 अक्तूबर तक घर में रहने की हिदायत दी गई है। घर से निकलने पर कानूनी कार्रवाई होने को पुलिस ने चेताया।
आप के प्रदेश सहप्रभारी अभिनव राय, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष विनोद जायसवाल, जिला महासचिव अखिलेश पांडेय, छात्र विंग के महानगर अध्यक्ष रघुकुल यथार्थ, रोहनिया प्रभारी पल्लवी वर्मा सहित अन्य कई कार्यकर्ताओं को नोटिस भेजी गई। जिलाध्यक्ष कैलाश पटेल, पूर्व जिलाध्यक्ष मनीष गुप्ता के घर पर पुलिस तैनात किया गया है।