पीएम के जल, थल, नभ रूट पर मंथन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी काशी विश्वनाथ धाम लोकार्पण समारोह में पहुंचने के लिए जल, थल और नभ रूट पर मंथन किया जा रहा है। फिलहाल पीएम मोदी के लिए संपूर्णांनंद संस्कृत विश्वविद्यालय में हेलीपैड बनाया जाएगा। इसके अलावा उनके पड़ाव से जलमार्ग से जलासेन घाट पहुंचने की भी उम्मीद है। माना जा रहा है कि पीएम गंगा स्नान करके देवाधिदेव महादेव के धाम में गंगा जल लेकर प्रवेश करेंगे। ऐसे में पड़ाव से जलासेन घाट के रूट को भी देखा रहा है। इसके अलावा काशी विश्वनाथ धाम से बीएलडब्ल्यू के दो रूट को तैयार किया जा रहा है।
10 दिसंबर को हस्तांतरित होगा काशी विश्वनाथ धाम
काशी विश्वनाथ धाम में भवनों और सौंदर्यीकरण का काम अब अंतिम दौर में पहुंच गया है। कार्यदायी संस्था से 10 दिसंबर तक काशी विश्वनाथ धाम के हस्तांतरण की तैयारी है। इसके लिए कार्यदायी संस्था के काम की निगरानी बढ़ाई गई है और 10 दिसंबर तक मशीनों आदि को वहां से हटा लिया जाएगा। मंदिर प्रशासन पूरे हो चुके भवनों का परीक्षण कराना शुरू कर दिया है।
बीएलडब्ल्यू में हुई वीडियो कांफ्रेसिंग
अपर मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी ने शुक्रवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए पीएम मोदी के दो दिवसीय दौरे और एक महीने तक चलने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की। इस वर्चुअल बैठक में बनारस रेल कारखाना के अधिकारियों को भी शामिल किया गया और स्थानीय अधिकारी बीएलडब्ल्यू में ही मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि पीएम रात्रि प्रवास के साथ ही बनारस रेल कारखाना में काशी के प्रबुद्धजनों से संवाद करेंगे। अधिकारियों ने बैठक के बाद व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया।