सीएम योगी ने कहा कि हरियाणा, महाराष्ट्र और दिल्ली विधानसभा चुनावों में ऐतिहासिक विजय के साथ ही दिव्य और भव्य महाकुंभ के आयोजन के बाद पीएम की यह पहली काशी यात्रा है। महाकुंभ के इस आयोजन में काशी भी इसका साक्षी बना। देश और दुनिया से आने वाला हर श्रद्धालु पिछले 11 वर्ष में प्रधानमंत्री के नेतृत्व और मार्गदर्शन में इस नई काशी और बाबा विश्वनाथ की पावन धरा को नए कलेवर के रूप में देखने को उतावला दिखाई दे रहा था। 45 दिनों के इस आयोजन के अवसर पर काशी में भी एक महा समागम दिखाई दे रहा था। इस दौरान तीन करोड़ से अधिक श्रद्धालु यहां पर आकर बाबा विश्वनाथ के पावन धाम में दर्शन करके पुण्य के भागीदार बने।
इसे भी पढ़ें; PM Modi in Varanasi: पीएम ने सामूहिक दुष्कर्म की घटना की अफसरों से ली जानकारी, कहा-दोषियों पर हो सख्त कार्रवाई
सीएम ने कहा कि नमामि गंगे परियोजना के बाद हर श्रद्धालु जिसने मां गंगा, मां यमुना और मां सरस्वती की त्रिवेणी में डुबकी लगाई उसने अपने आप को अभिभूत होता हुआ पाया। नमामि गंगे परियोजना की सफलता के कारण महाकुंभ भी आज सफल हुआ है।
सीएम योगी ने कहा कि काशी और उत्तर प्रदेश के उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्रदान करने के लिए पीएम के प्रयास सार्थक साबित हुए हैं। काशी और उसके आसपास के जनपदों को सर्वाधिक जीआई टैग अब तक प्राप्त हो चुके हैं। उत्तर प्रदेश, देश के अंदर जीआई टैग में नंबर एक स्थान हासिल कर रहा है। आज 21 नए जीआई टैग के सर्टिफिकेट भी प्रदान किए गए हैं।
इसे भी पढ़ें; Varanasi News: दालमंडी सड़क चौड़ीकरण की जद में आएंगी छह मस्जिदें, 146 मकानों को किया गया चिह्नित
स्थानीय हस्तशिल्पियों और कारीगरों के उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान दिलाने के लिए यह प्रयास किए गए हैं। यही नहीं, आयुष्मान भारत एक गरीब को स्वास्थ्य की सुविधा उपलब्ध कराने में मील का पत्थर साबित हुआ है। देश के अंदर 50 करोड़ से अधिक लोग तो उत्तर प्रदेश में 10 करोड़ से अधिक लोग इस योजना से सीधे-सीधे लाभान्वित हुए हैं। उत्तर प्रदेश में ही नहीं बल्कि देश के अंदर अब तो वय वंदना योजना कार्ड के माध्यम से 70 वर्ष से अधिक उम्र के प्रत्येक बुजुर्ग को पांच लाख की स्वास्थ्य सुविधा प्रदान की गई है। काशी में अब तक 50 हजार से अधिक बुजुर्गों ने इसका कार्ड भी बनवाया है।
बनास डेयरी से अन्नदाताओं व पशुपालकों को मिला लाभ
सीएम ने कहा कि काशी के विकास से जुड़ी हुई महत्वपूर्ण परियोजना बनास डेयरी के माध्यम से यहां के अन्नदाता किसानों और पशुपालकों को जोड़ने का कार्य हुआ है। उस कार्यक्रम के तहत उन पशुपालकों को बोनस भी दिया जा रहा है, जिन्होंने बनास डेयरी की काशी की इस इकाई से जुड़कर वैल्यू एडिशन के माध्यम से लाभांश अर्जित किया है।