मुख्य सचिव व डीजीपी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये की समीक्षा
यूपी के मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह और डीजीपी राजीव कृष्ण ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की। मुख्य सचिव ने कहा कि रूट डायवर्जन प्लान लागू किया जाए ताकि आम जनता को किसी तरह की दिक्कत न हो सके। प्रधानमंत्री के रूट पर सड़क किनारे मजबूत बैरिकेडिंग की जाए।
मंडलायुक्त सभागार से जुड़े कमिश्नर एस. राजलिंगम और पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल सभी तैयारियों की जानकारी दी। मुख्य सचिव ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से कहा कि समन्वय बनाकर काम करें। किसी तरह की दिक्कत नहीं आनी चाहिए। सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारी समझें और उसी हिसाब से काम करें। किसी स्तर पर कोई कोताही नहीं बरती जाए।
मुख्य सचिव ने कहा कि बारिश को ध्यान में रखते हुए सभी तैयारियां की जाएं ताकि वाहनों के आवागमन में कोई दिक्कत नहीं होने पाए। शहरी क्षेत्र में नगर निगम और ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायतों की तरफ से सफाई अभियान चलाया जाए।डीजीपी ने सुरक्षा के मजबूत प्रबंध के साथ किसी भी स्तर पर कोई कोताही नहीं बरतने के निर्देश दिए।