फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वाराणसी में PM Modi: बीएचयू के छात्र संगठनों पर विशेष नजर, निजी छात्रावासों को पुलिस ने खंगाला

Fri, 18 Nov 2022 11:39 PM IST
उत्पल कांत न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वाराणसी

सार

वाराणसी में प्रधानमंत्री की सुरक्षा में 16 आईपीएस, 25 एएसपी, 40 डीएसपी समेत चार हजार पुलिसकर्मियों के अलावा आरएएफ की छह कंपनी और पांच कंपनी पीएसी तैनात हैं। बीएचयू के छात्र संगठनों पर एलआईयू और पुलिस की नजर है।
विज्ञापन
बीएचयू के एम्पीथियेटर मैदान में काशी तमिल संगमम की तैयारी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

काशी तमिल समागम के शुभारंभ के लिए आज वाराणसी आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा अभेद रहेगी। एसपीजी ने शुक्रवार को बाबतपुर एयरपोर्ट से बीएचयू तक ग्रैंड रिहर्सल किया। एयरपोर्ट से सेना के हेलीकॉप्टर से बीएचयू हेलीपैड तक टच एंड गो के जरिए सुरक्षा व्यवस्था को परखा गया।  प्रधानमंत्री की सुरक्षा में 16 आईपीएस, 25 एएसपी, 40 डीएसपी समेत चार हजार पुलिसकर्मियों के अलावा आरएएफ की छह कंपनी और पांच कंपनी पीएसी तैनात रहेंगे। 

विज्ञापन


 प्रधानमंत्री आगमन को लेकर बीएचयू के छात्र संगठनों पर एलआईयू और पुलिस की नजर है। पिछले कुछ दिनों से विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन करने वाले छात्रों पर पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है।  उधर, बीएचयू परिसर के आसपास के निजी हास्टलों और गेस्ट हाउस, होटलों को भी पुलिस ने खंगाला। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस कर्मियों ने भेलूपुर सर्किल स्थित होटल, लाज, गेस्ट हाउस, हाईवे किनारे ढाबों की तलाशी ली।

किसी के साथ अभद्र व्यवहार न करें
पुलिस आयुक्त ने बीएचयू एंफीथिएटर मैदान में फोर्स को ब्रीफ किया। प्रधानमंत्री की आंतरिक सुरक्षा में एनएसजी कमांडो, एटीएस कमांडो, केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी शामिल रहेंगे। वहीं, बाहरी सुरक्षा में पुलिस और स्थानीय अभिसूचना इकाई रहती है। 

विज्ञापन

पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश ने ड्यूटी में तैनात होने वाले पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि किसी के साथ अभद्र व्यवहार न करें। शालीन व्यवहार करें। तमिल संगमम में आने वाला हर कोई हमारा अतिथि है। वहीं, बैरिकेडिंग और मंच के अंदर आने वालों का परिचय पत्र और जारी पास जरूर देखें। कोई भी बैरिकेडिंग के बाहर न आने पाएं। 

ड्यूटी प्वाइंट पर मोबाइल से दूरी बनाएं। डी सुरक्षा घेरे में तैनात होने वाले पुलिस अधिकारी खास तौर पर अलर्ट रहे। वहीं, सभा में पानी की बोतल या अन्य कोई ऐसी वस्तु न आने पाएं। ड्यूटी प्वाइंट पर तैनात रहने वाले पुलिसकर्मी यह जरूर देखें कि कोई भी युवक काला कपड़ा धारण कर अंदर न आने पाएं। 

उन्होंने कहा, पुुलिसकर्मी सामने वाले के हाव भाव को देखकर अपने विवेक से यह निर्णय लें। अपने अधिकारियों को भी इसके बारे में बताएं। बीएचयू गेट से लेकर मंच तक तैनात रहने वाली फोर्स सुबह दस बजे से ही सतर्क हो जाए। यदि कोई जनप्रतिनिधि बगैर पास के सभा में आता है तो ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारी या कर्मी उन्हें पहचानता है तो उन्हें आदर के साथ उनकी सीट तक पहुंचाएं।

उधर, अपर पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह और एडीसीपी ट्रैफिक डीके पुरी ने ट्रैफिक सभागार में पुलिस अधिकारियों को रूट डायवर्जन को लेकर ब्रीफ किया। बीएचयू परिसर से श्रीकाशी विश्वनाथ धाम तक प्रस्तावित रूट पर पुलिस सतर्क रहेगी।
विज्ञापन

एयरपोर्ट पर विजिटर पास पर लगी रोक

एसपीजी ने सुबह दस बजे और दोपहर एक बजे तक के बीच डमी फ्लीट रिहर्सल किया। बाबतपुर एयरपोर्ट से जनसभा स्थल और जनसभा स्थल से हेलीपैड तक सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। एसपीजी ने एयरपोर्ट परिसर से लगायत आसपास के क्षेत्रों और टावरों पर जवानों को अलर्ट रहने का निर्देश दिया।

सीआईएसएफ की डॉग स्क्वाड व आईएनटी दस्ता टर्मिनल भवन में सुरक्षा व्यवस्था की जांच की। सुरक्षा व्यवस्था के कारण एयरपोर्ट पर टर्मिनल बिल्डिंग में जाने के लिए बनने वाले विजिटर पास पर भी रोक लगा दिया गया।  एयरपोर्ट परिसर में अनावश्यक रूप से घूमने वालों को रोकते हुए उनसे पूछताछ की गई।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें