पीएम मोदी 25 अक्तूबर को 30 हजार जेन जी से संवाद करेंगे। वे एयर शो के बाद बीएचयू या फिर संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में संवाद करेंगे। इस दौरान 18 से 25 साल के युवा जींस और टीशर्ट में आएंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 अक्तूबर को काशी आएंगे। वह नमो घाट जाकर एयर शो देखेंगे फिर जेन जी से संवाद करेंगे। इसके लिए बीएचयू या फिर संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में व्यवस्था की जा रही है। जेन जी संवाद में 18 से 25 साल के करीब 30 हजार युवा हिस्सा लेंगे। सब जींस और टीशर्ट पहनकर आएंगे।
विज्ञापन
भाजपा नेताओं के मुताबिक, पीएम नरेंद्र मोदी 25 अक्तूबर की सुबह ही काशी आ जाएंगे। वह नमो घाट जाएंगे जहां राफेल सहित 90 फाइटर जेट करतब दिखाएंगे। फाइटर जेट बाबतपुर एयरपोर्ट और प्रयागराज से उड़ान भरेंगे।
पीएम के साथ ही रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, सीएम योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल, सीडीएस, तीनों सेनाओं के प्रमुख मौजूद रहेंगे। इसकी तैयारी में भाजपा की क्षेत्रीय, जिला और महानगर इकाई जुट गई है। सुरक्षा व्यवस्था भी परखी जा रही है। काशी में एयर शो 22, 24 और 25 अक्तूबर को होना है। पीएम अंतिम दिन एयर शो देखेंगे।