प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रवासी भारतीय सम्मेलन में योगदान करने वाले काशीवासियों को सम्मानित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि काशी की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक छवि दुनियाभर में है। प्राचीन शहर की भव्यता दिखाती आधुनिक काशी के माध्यम से नए भारत की तस्वीर दुनिया को दिखाने की कार्ययोजना बने। काशी आतिथ्य से प्रवासी मेहमानों को यहां सुखद अनुभूति देनी है। ताकि यहां के अनुभव को साझा करते हुए वह ब्रांड एंबेसडर की भूमिका में नजर आएं।
शनिवार को प्रधानमंत्री कार्यालय में पीएम मोदी की अध्यक्षता में प्रवासी भारतीय दिवस की समीक्षा बैठक की गई। इसमें उन्होंने निर्देश दिए कि जिन सामाजिक संगठनों, व्यक्तियों, छात्रों, अध्यापकों, प्रधानाचार्य, परिवारों आदि ने प्रवासी भारतीय दिवस के आयोजन में योगदान दिया है उनको भी प्रवासी भारतीय दिवस के आयोजन में शामिल कर भरपूर सम्मान दिया जाए।
जिलाधिकारी सुरेंद्र सिंह ने पीएम के सामने प्रस्तुतीकरण दिया। इसमे उन्होंने बताया कि काशी आतिथ्य के तहत 370 प्रवासी मेहमानाें को परिवारों में ठहराया जा रहा है। इसके अलावा अब तक कराए गए कार्य और भविष्य की कार्ययोजना बताई।
यूपी पैवेलियन होगा सबसे खास
प्रवासी सम्मेलन में तैयार हो रहे यूपी पवेलियन को खास बनाया जा रहा है। कुंभ की खास चीजों को प्रमुखता से बताया जाएगा। काशी शोकेस में प्राचीन संस्कृति और पर्यटन, अटल डिजिटल गैलरी में उनकी जुड़ी यादें होंगी। 28 सौ मीटर में तैयार यूपी पवेलियन में महत्वपूर्ण परियोजनाओं, जेवर एयरपोर्ट, टूरिस्ट सर्किट कॉरिडोर और प्रस्तावित एक्सप्रेस वे को दर्शाया जाएगा।
विश्व दिवस के आयोजन का मांगा वीडियो
पीएम मोदी को विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के द्वारा प्रवासी भारतीय दिवस के आयोजन से पूर्व विभिन्न देशों का प्रतिनिधित्व करते हुए सांस्कृतिक कार्यक्रमों, प्रदर्शनी, उन देशों की कला, संस्कृति, भाषा, खानपान आदि के प्रदर्शन और विश्व दिवस का आयोजन की जानकारी दी। प्रधानमंत्री ने प्रशंसा की व इन कार्यक्रमों के वीडियो विदेश मंत्रालय भेजने के लिए निर्देश दिए।
नए ऑटो दिन में और पुराने चलेंगे रात में
प्रवासी भारतीय सम्मेलन के मद्देनजर 20 जनवरी से 24 जनवरी तक शहर में सुबह आठ से रात नौ बजे तक नए ऑटो और ई-रिक्शा चलेंगे। वहीं, रात नौ बजे से सुबह आठ बजे तक पुराने ऑटो और ई-रिक्शा चलेंगे। इस दौरान शहर के मुख्य मार्गों पर रिक्शा नहीं चलेंगे। साथ ही, ऑटो से विज्ञापन सामग्री उखाड़ कर उन पर प्रवासी भारतीय सम्मेलन का स्टीकर लगाया जाएगा। यह निर्णय शनिवार को एसपी ट्रैफिक कार्यालय में ऑटो रिक्शा और ई-रिक्शा यूनियन के पदाधिकारियों की बैठक में लिया गया।
एसपी ट्रैफिक सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि डीटी, ईटी, एफटी और जीटी रजिस्ट्रेशन नंबर सीरीज के ऑटो सुबह आठ से रात नौ बजे तक शहर में चलेंगे। जबकि, इनसे पुरानी सीरीज सीटी, बीटी और एटी वाले ऑटो रात में चलेंगे। इसी तरह से एफटी, जीटी व एचटी सीरीज के ऑटो दिन में और डीटी व ईटी सीरीज के ऑटो रात में चलेंगे। बैठक में सीओ ट्रैफिक अर्जुन सिंह और ऑटो यूनियन के घनश्याम यादव, भगवान सिंह, अशोक मिश्र आदि मौजूद रहे।