प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की काशी और आसपास के जिलों में होने वाली चुनावी रैलियों की तैयारियां शुरू हो गई हैं। पीएम तीन मार्च को काशी से सातवें और अंतिम चरण के चुनाव प्रचार के लिए निकलेंगे।
भरोसेमंद सूत्रों के मुताबिक पीएम पूर्वांचल के इस प्रचार अभियान पर निकलने से पहले बाबा श्री काशी विश्वनाथ का आशीर्वाद लेेंगे। वह काशी के कोतवाल बाबा काल भैरव के मंदिर भी जा सकते हैं।
पीएम के बाबा दरबार में हाजिरी लगाने की इच्छा व्यक्त करने के बाद विश्वनाथ मंदिर प्रशासन को तैयार रहने के संकेत दे दिए गए हैं।
सातवें और अंतिम चरण के चुनाव प्रचार के लिए पीएम का तीन मार्च को काशी आना लगभग तय माना जा रहा है।
शनिवार की देर रात नदेसर में वाराणसी के चुनाव संचालक केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा की मौजूदगी में प्रदेश संगठन मंत्री सुनील बंसल, सह प्रभारी सुनील ओझा, ओम माथुर, रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा समेत कई बड़े नेताओं ने बैठक की। इसमें पीएम की रैलियों, सभाओं के स्थान को लेकर मंथन किया गया।
पीएम के विश्वनाथ मंदिर और काल भैरव जाने के सिलसिले में पार्टी के कुछ भरोसेमंद मंदिर प्रबंधन के जिम्मेदार पदाधिकारियों से वहां का फीडबैक भी ले चुके हैं।