काशी सांसद सांस्कृतिक महोत्सव में पीएम मोदी
- फोटो : अमर उजाला
राजनारायण और उनकी जन्मभूमि को किया प्रणाम
गंजारी में प्रधानमंत्री ने स्टेडियम के स्थान का जिक्र करते हुए कहा कि यह स्थान माता विंध्यवासिनी के धाम और काशी नगरी को जोड़ने का एक पड़ाव है। यहां से कुछ दूर पर भारतीय लोकतंत्र के प्रखर पुरुष और पूर्व केंद्रीय मंत्री राजनारायण का गांव मोतीकोट है। पीएम ने गंजारी की जनसभा के मंच से राजनारायण और उनकी जन्मभूमि को प्रणाम किया। राजनारायण ने ही पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को उन्हीं के इलाके रायबरेली में चुनौती दी थी। मामला कोर्ट में पहुंचा और इंदिरा गांधी की जीत को हाईकोर्ट ने रद्द करते हुए छह साल तक उनके चुनाव लड़ने पर भी पाबंदी लगा दी थी। इसी के बाद देश को इमरजेंसी झेलनी पड़ी थी।
स्टेडियम से काशी की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी
पीएम मोदी ने कहा कि स्टेडियम बनने से क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। मैच होंगे। पर्यटक आकर्षित होंगे। होटल, भोजनालय व हॉस्पिटल खुलेंगे। रिक्शा और ऑटो चालकों के साथ-साथ नाविकों को फायदा होगा। खेल कोचिंग और प्रबंधन संस्थान खुलेंगे। युवाओं के लिए खेल स्टार्टअप खुलेंगे। उन्होंने फिजियोथेरेपी पाठ्यक्रमों पर भी चर्चा की और कहा कि आने वाले दिनों में वाराणसी में एक नया खेल उद्योग विकसित होगा।
मोदी बोले- मातृशक्ति का आशीर्वाद लेने आया
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में महिलाओं ने पीएम मोदी का स्वागत किया। पीएम ने कहा कि बिल पास होने के बाद अपने संसदीय क्षेत्र काशी आया हूं। आपके आशीर्वाद से शक्ति मिलती है। उन्होंने कुष्मांडा से अहिल्या और विंध्यवासिनी से लक्ष्मीबाई और चंद्रयान की महिला वैज्ञानिकों को याद किया और कहा कि हम तो महादेव से पहले मां पार्वती और गंगा को प्रणाम करने वाले लोग हैं।
बाबा की कृपा से मेरी काशी विकास के आयाम गढ़ रही है
प्रधानमंत्री सबसे अंत में रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर पहुंचे और सांसद सांस्कृतिक महोत्सव के विजेताओं को सम्मानित किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि जी20 सम्मेलन के जरिये भारत ने दुनिया में झंडा गाड़ा है। इसमें महादेव की नगरी काशी का अभूतपूर्व योगदान है। काशी में जी20 के छह आयोजन हुए हैं। बाबा की कृपा से मेरी काशी अब विकास के अभूतपूर्व आयाम गढ़ रही है। काशी को विकसित करने का जो सपना देखा था, वह अब साकार हो रहा है। प्रधानमंत्री ने सांसद खेल महोत्सव के लिए वेबसाइट की शुरूआत और कहा कि आगे काशी सांसद ज्ञान महोत्सव व काशी सांसद टूरिस्ट गाइड प्रतियोगिता भी कराई जाएगी, ऐसा इसलिए किया जाएगा कि काशी की डंका पूरी दुनिया में बजे।
सीएम योगी की तारीफ
पीएम मोदी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ की और विपक्ष पर निशाना भी साधा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार पैसा भेजती थी, लेकिन प्रदेश सरकारें खत्म नहीं करती थीं। अब ऐसा नहीं है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक-एक पहलु पर ध्यान देते हैं। अब पैसा सही जगह खर्च हो रहा है।