'अब काशी में बाबा के दर्शन के बाद, उज्जैन में महाकाल के दर्शन कर पाएंगे'
पीएम मोदी ने कहा कि बाबा विश्वनाथ की नगरी को ओंकारेश्वर और महाकालेश्वर से जोड़ने वाली काशी-महाकाल एक्सप्रेस को भी हरी झंडी दिखाई गई है। काशी में बाबा के दर्शन के बाद, उज्जैन में महाकाल के दर्शन कर पाएंगे। इसी ट्रेन में आगे बढ़कर इंदौर में ओंकारेश्वर में श्रद्धासुमन अर्पित कर पाएंगे।
बीएचयू में आज जिस सुपर स्पेशिएलिटी अस्पताल का लोकार्पण हुआ है, उसका शिलान्यास 2016 के आखिरी में, मैंने ही किया था। सिर्फ 21 महीने में 430 बेड का ये अस्पताल बनकर काशी और पूर्वांचल के लोगों की सेवा के लिए तैयार हुआ है। जल जीवन मिशन के तहत आने वाले 5 वर्षों में हर घर तक जल पहुंचाने के लिए हमें पूरी शक्ति से काम करना है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि मैं आश्वस्त करता हूं कि इस काम में न तो बजट आड़े आएगा और न सरकार के इरादे कमजोर होंगे। हमारी सरकार समाज की आखिरी पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास के लाभ पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है। 50 करोड़ से अधिक देशवासी जिन्हें आज आयुष्मान भारत योजना से 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज सुनिश्चित हुआ है, वो 70 वर्षों से विकास के आखिरी पायदान पर रहे लोग ही हैं।