पीएम मोदी ने कहा कि जिन दलों ने अतीत में भ्रष्ट और नाकाम सरकारें चलाईं, वे आज लाभार्थी का नाम सुनकर तिलमिला जाते हैं। आजादी के इतने साल बाद लोकतंत्र का लाभ अब सही मायने में, सही लोगों तक पहुंचा है। पहले लोकतंत्र के नाम पर गिने-चुने लोगों के हित साधे जाते थे, गरीबों की कोई पूछ नहीं थी। भाजपा सरकार में लाभार्थी वर्ग सच्चे सामाजिक न्याय और सच्चे सेक्युलरिज्म का उदाहरण बन गया है। आज कमीशन लेने वालों की दुकान बंद, दलाली खाने वालों की दुकान बंद, घोटाले करने वालों की दुकान बंद...यानी अब ना ही कोई भेदभाव और ना ही कोई भ्रष्टाचार।
वाराणसी में पीएम मोदी की जनसभा
- फोटो : अमर उजाला
पीएम मोदी ने कहा कि गरीब का स्वाभिमान भाजपा सरकार की गारंटी है। उन्होंने कहा कि गरीब मां का बेटा मोदी गरीबों का अपमान नहीं सहेगा। कहा कि पहले की सरकारों ने गरीबों, रेहड़ी-पटरी लगाने वालों के लिए कुछ नहीं किया। आज जब गरीबों के लिए कुछ हो रहा है तो उन्हें दर्द होता है। यहां यूपी में भी करोड़ों लाभार्थियों ने मुद्रा योजना का लाभ उठाकर अपना काम शुरू किया है। इसमें सबसे अधिक लाभ गरीब, दलित, पिछड़े, आदिवासी और अल्पसंख्यक परिवार से जुड़े साथियों और महिला उद्यमियों को हुआ है। यही तो सामाजिक न्याय है, जिसकी गारंटी भाजपा सरकार दे रही है।
पीएम मोदी ने कहा कि आज काशी सहित उत्तर प्रदेश को लगभग 12 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उपहार मिला है। हमने जो काशी की आत्मा को बनाए रखते हुए नूतन काया का संकल्प लिया है, यह उसका विस्तार है। इनमें रेल, रोड, पानी, शिक्षा, पर्यटन से जुड़े प्रोजेक्ट्स हैं। घाटों से जुड़े प्रोजेक्ट्स हैं। इन विकास कार्यों के लिए आप सभी को बहुत-बहुत बधाई। बीते 9 वर्षों में काशी की कनेक्टिविटी को भी बेहतर करने के लिए अभूतपूर्व काम हुआ है। यहां जो विकास कार्य हो रहे हैं, वो रोजगार के अनेकों नए अवसर भी बना रहे हैं।