फेसबुक पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आपत्तिजनक फोटो पोस्ट करने के मामले में शनिवार को वाराणसी के चेतगंज थाने में सत्यप्रकाश श्रीवास्तव के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
सत्यप्रकाश श्रीवास्तव पूर्व में वाराणसी संसदीय क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर लोकसभा चुनाव लड़ चुके हैं। भारतीय जनता युवा मोर्चा के महानगर मंत्री अधिवक्ता आयुष चंद्र राजपूत ने चेतगंज थाने पर तहरीर दी।
आरोप लगाया कि फेसबुक पर हमारी फ्रेंड लिस्ट में शामिल सत्यप्रकाश श्रीवास्तव उर्फ सत्या लगातार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आपत्तिजनक फोटो पोस्ट कर रहा है। इससे प्रधानमंत्री की गरिमा धूमिल होने के साथ ही उनकी बेइज्जती हो रही है।
इस संबंध में चेतगंज थानाध्यक्ष ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश के लिए मामला साइबर सेल को सुपुर्द कर दिया गया है। तफ्तीश के आधार पर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।