प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार दोपहर विशेष विमान से बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वायुसेना के हेलीकॉप्टर से प्रधानमंत्री पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड पर उतरेंगे और यहां से भी फिर प्रस्तावित कार्यक्रमों में सड़क मार्ग से जाएंगे। इसके पूर्व एयरपोर्ट पर सीआईएसएफ का बम निरोधक दस्ता और डाग स्क्वायड ने गहनता से जांच पड़ताल की।
काशी दौरे पर आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का काशी की आतिथ्य परंपरा के साथ हर-हर महादेव के जयघोष और डमरू की निनाद के साथ प्रधानमंत्री का स्वागत करने की तैयारी है। सड़क के दोनों किनारे पर भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ ही बटुक, डमरू दल के सदस्य खड़े रहेंगे। शहर में सिगरा स्टेडियम, रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर तक बांस, बल्ली की बैरीकेडिंग कराई गई है। यहां भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ ही डमरू दल, बटुक कतारबद्ध होकर खड़े रहेंगे।