वाराणसी में पीएम मोदी और सीएम योगी
- फोटो : अमर उजाला
भदोही में कालीन निर्यात के साथ खेती की संभावनाएं विकसित की जाएंगी। मिर्जापुर और चंदौली में पर्यटन विकास, गाजीपुर और जौनपुर में कृषि की संभावनाओं के साथ रोजगार के नए अवसरों के लिए निवेशकों को आमंत्रित किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी जिलों को अलग-अलग रोजगार, पर्यटन सहित अन्य पहलुओं पर आत्मनिर्भर बनाने के लिए किए जाने वाले प्रयासों की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सभी जिलों का विकास इस तरह किया जाए, जिससे यह वाराणसी पर निर्भर नहीं रहें।
सर्किट हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समक्ष प्रमुख सचिव आवास नितिन रमेश गोकर्ण ने वाराणसी के समग्र विकास पर तैयार कार्ययोजना का प्रस्तुतीकरण दिया। इसमें बताया कि भविष्य काशी सुरम्य, निर्मल और सुरक्षित होगीन्कन्वेंशन सेंटर के रूप में वर्ल्ड सिटी एक्सपो का निर्माण हरहुआ में कराया जाएगा। बाबतपुर में वरुणा विहार व सारनाथ में मेडिसिटी का निर्माण कराया जाएगा। इस मेडिसिटी में अनेक प्रकार के स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। यातायात की दिक्कतोंं को दूर करने रोपवे, जल परिवहन मील के पत्थर साबित होंगे।
वाराणसी में पीएम मोदी का काफिला
- फोटो : अमर उजाला
यातायात समस्या के समाधान के लिए शहर के अंदर जिला जेल और बस अड्डे को शिफ्ट कर हरहुआ और मोहनसराय में बस अड्डों का निर्माण होगा। शहर के अंदर बड़ी मंडियों को अन्यत्र सुव्यवस्थित तरीके से स्थानांतरित करने के बारे में बताया गया। इससे भारी वाहन शहर में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। इससे यातायात के साथ प्रदूषण की समस्या का समाधान हो सकेगा। पार्किंग की समस्या दूर की जाएगी।
पर्यटन, लकड़ी के खिलौने के साथ-साथ सिल्क उद्योग के लिए अंतराराष्ट्रीय स्तर के प्रदर्शनी हॉल की जरूरत बताई गई। पर्यटकों को हर प्रकार की सुविधाएं प्रदान करने के लिए वेबसाइट बन रही है, जिससे पर्यटकों को पूरी जानकारी मिलेगी। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा, जिलाधिकारी एस राजलिंगम सहित अन्य लोग मौजूद रहे।