जल-थल-नभ से निगरानी, ड्यूटी प्वाइंट्स पर फोर्स मुस्तैद
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के आगमन के मद्देनजर रविवार की शाम से ही बाबतपुर एयरपोर्ट से बीएचयू तक अभेद्य किलेबंदी कर दी गई। पुलिस, पीएसी, सेंट्रल पैरामिलिट्री फोर्स, एसपीजी, नौसेना, वायुसेना, केंद्रीय खुफिया इकाइयों के जवान के साथ एटीएस कमांडो निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट्स पर तैनात हो गए।
जल-थल और नभ तीनों जगह चप्पे-चप्पे पर निगरानी की जा रही है। बम निरोधक दस्ता, एंटी माइंस डिटेक्शन यूनिट, एंटी सबाटोज टीम और डॉग स्क्वॉड को वीवीआईपी रूट और सभी कार्यक्रम स्थलों पर मुस्तैद कर दिया गया है।
दोनों राजनेताओं की सुरक्षा व्यवस्था में लगी फोर्स को रविवार को डीरेका स्थित ऑडिटोरियम में एडीजी सुरक्षा विजय कुमार और एडीजी जोन पीवी रामाशास्त्री ने संबोधित किया।
उन्होंने बताया कि वीवीआईपी के बाबतपुर एयरपोर्ट से उड़ान भरने और शहर की यातायात व्यवस्था सामान्य होने तक ड्यूटी प्वाइंट छोड़कर कोई न जाए। इस दौरान मंडलायुक्त नितिन रमेश गोकर्ण, डीएम योगेश्वर राम मिश्र, आईजी रेंज दीपक रतन, एसएसपी राम कृष्ण भारद्वाज, एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।
ब्रीफिंग के बाद बाबतपुर एयरपोर्ट से डमी फ्लीट का ग्रैंड रिहर्सल किया गया। कुछ स्थानों पर फ्लीट जाम में भी फंसी। डीरेका, बीएचयू और हस्तकुला स्थित हेलीपैड पर सेना के हेलीकाप्टरों की ट्रायल लैंडिंग हुई।
प्रधानमंत्री और फ्रांस के राष्ट्रपति के आगमन के मद्देनजर रविवार को गंगा घाटों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, बाजारों, होटलों, धर्मशालाओं, गेस्ट हाउस सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस ने सघन तलाशी अभियान चलाया।
पुलिस और एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड के कमांडो के साथ शहर के सभी थाना क्षेत्रों में एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह ने शाम पांच बजे से रात आठ बजे तक चेकिंग कराई। इस दौरान संदिग्ध प्रतीत हो रहे लोगों से उनके नाम और पते की तस्दीक की गई।
ड्रोन से खंगाला शहर, गंगा में मोेटरबोट की फ्लीट
जाम के बीच हुई डमी फ्लीट रिहर्सल और हेलीकॉप्टर की ट्रायल लैंडिंग
- फोटो : अमर उजाला
शहर क्षेत्र को देर रात तक छह ड्रोन कैमरे से खंगाला गया। मकानों की छतों पर मौजूद सामग्रियों की तस्दीक की गई। वहीं, पीएम मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति के गंगा दर्शन के दौरान उनके बजड़े के आगे-पीछे सोमवार को नौसेना के गोताखोर, पीएसी बाढ़ राहत दल और एनडीआरएफ के जवान मोटरबोट पर तैनात रहेंगे। बजड़े के साथ वाटर एंबुलेंस और स्नाइपर की तैनाती की गई है। दोनों राजनेताओं की सुरक्षा के लिए सामने घाट से राजघाट पुल के बीच फोर्स तैनात होगी।
बाहर पुलिस का घेरा, भीतर एसपीजी और सीआईएसएफ
एयरपोर्ट पर आम दिनों की अपेक्षा सुरक्षा व्यवस्था कई गुना बढ़ा दी गई है। एयरपोर्ट की चहारदीवारी के चारों तरफ पुलिस तैनात की गई है जबकि भीतर एसपीजी की निगरानी में सीआईएसएफ के जवान मुस्तैद हैं।
हवाई क्षेत्र की निगरानी के लिए एयर ट्रैफिक कंट्रोल भी पूरी तरह अलर्ट है। पीएम मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति के हेलीकाप्टर की आसमान में वायु सेना निगरानी करेगी।
इमारतों की छतों से वॉच टॉवर तक फोर्स
अस्सी से दशाश्वमेध घाट तक और वीवीआईपी रूट की बहुमंजिला इमारतों की छत पर सोमवार सुबह से रूफ टॉप फोर्स तैनात हो जाएगी। ओवरहेड टैंकों पर वॉच टॉवर के तौर पर निगरानी के लिए जवानों की तैनाती रहेगी।
डीरेका मैदान, अस्सी से दशाश्वमेध घाट तक का क्षेत्र और मंडुवाडीह रेलवे स्टेशन सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन की नजर में होगा। सामने घाट से राजघाट के बीच गंगा में नौकायन पर पाबंदी रहेगी। प्रधानमंत्री के कार्यक्रमों में बदलाव के बाद रविवार को फोर्स की संख्या बढ़ा दी गई।
अब एडीजी सुरक्षा और एडीजी जोन की देखरेख में आईजी रेंज, एसएसपी के अलावा तीन डीआईजी, 55 पुलिस अधीक्षक, 50 एएसपी, 87 डिप्टी एसपी, 90 इंस्पेक्टर, 1350 एसआई, 6500 कांस्टेबल, 150 महिला एसआई, 450 महिला कांस्टेबल, 500 होमगार्ड, 20 कंपनी सेंट्रल पैरामिलिट्री फोर्स, 18 कंपनी पीएसी, दो कंपनी पीएसी बाढ़ राहत दल, फायर ब्रिगेड और 11 एनडीआरएफ के जवान तैनात रहेंगे।
बहुत जरूरी हो तभी आज शहर में निकलें
पीएम मोदी के काफिले के लिए आये वाहन
- फोटो : अमर उजाला
अपने विदेशी मेहमान के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को वाराणसी शहर में होंगे। कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे और दोनों राजनेताओं की फ्लीट के गुजरने के दौरान बीएचयू से बाबतपुर एयरपोर्ट तक कई मार्गों पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा। प्रधानमंत्री के कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए जिले के आठों ब्लॉकों से पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ ही विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी भी शहर पहुंचेंगे।
इनके अलावा, सुबह साढ़े दस बजे से सीबीएसई और आईसीएसई की परीक्षाएं हैं। तकरीबन 17 हजार परीक्षार्थियों का अतिरिक्त दबाव शहर की ट्रैफिक व्यवस्था पर होगा। जाहिर है, जो सड़कें यातायात प्रतिबंध से मुक्त हैं, उन पर ट्रैफिक का बेहद दबाव होगा।
ऐसी स्थिति में बहुत जरूरी हो तभी आप आज शहर में निकलें। जरूरी होने पर अपने निर्धारित समय से कम से कम एक से डेढ़ घंटे पहले निकलें। खासकर ट्रेन, बस और विमान यात्री ताकि, जाम या रूट डायवर्जन के चलते आपकी यात्रा प्रभावित न होने पाए और आप समय से अपने गंतव्य तक पहुंच जाएं।
सड़कों और पटरियों पर वाहन न खड़ा करें। जगह-जगह निर्धारित यातायात प्रतिबंध और बैरिकेडिंग का पालन करें। एसएसपी राम कृष्ण भारद्वाज ने बताया कि यातायात पुलिस की ओर से ट्रैफिक प्रबंधन के मुकम्मल इंतजाम किए गए हैं।
फ्लीट में शामिल वाहन यदि खराब हो जाएंगे तो उन्हें तत्काल किनारे करने के लिए डेढ़ दर्जन क्रेन शहर भर में जगह-जगह लगाई गई है। आमजन से अपील है कि सुरक्षा और यातायात व्यवस्था में पुलिस का सहयोग करें।
कई मार्गों पर आवाजाही पर पाबंदी
जरूरी होने पर घर से एक से डेढ़ घंटे पहले निकलें
- फोटो : अमर उजाला
मोदी और मैक्रों के डीएलडब्लू से अस्सी घाट जाने के दौरान
- दोनों राजनेताओं के डीएलडब्लू से अस्सी घाट जाते समय वाहनों को ककरमत्ता पुल के पास और भिखारीपुर तिराहा के पहले रोक दिया जाएगा।
- ककरमत्ता फ्लाईओवर से डीएलडब्लू की ओर वाहनों की अवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
- नगवां पुलिस चौकी से डीएलडब्लू और रविदास गेट मार्ग पर वाहनों का आना-जाना बंद रहेगा।
- नरिया तिराहा से करौंदी मार्ग पर वाहनों का आवागमन बंद रहेगा।
- सोनारपुरा से बीएचयू गेट की ओर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
पीएम मोदी के डीएलडब्लू से मंडुवाडीह स्टेशन जाने के दौरान
- महमूरगंज तिराहा से मंडुवाडीह रेलवे स्टेशन होते हुए भिखारीपुर तिराहा तक वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
- एफसीआई गोदाम से ककरमत्ता फ्लाईओवर के नीचे से होते हुए ककरमत्ता स्थित रेलवे क्रासिंग तक वाहन नहीं जाएंगे।
पीएम मोदी के अस्सी से ताज होटल जाने के दौरान
- सोनारपुरा, रेवड़ी तालाब, लक्सा, रामापुरा, नई सड़क और मैदागिन की तरफ से वाहन गोदौलिया की ओर नहीं जाएंगे।
- गिरजाघर चौराहा से लहुराबीर चौराहा पर वाहनों के आने-जाने पर प्रतिबंध रहेगा।
- लहुराबीर चौराहा पर मलदहिया और कबीरचौरा की ओर से वाहन नहीं आएंगे और न जाएंगे।
- मलदहिया से जय सिंह चौराहा की ओर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
- चौकाघाट और मरी माई तिराहा से तेलियाबाग की ओर वाहन नहीं जाएंगे।
- अंधरापुल से मरी माई तिराहा की ओर वाहन नहीं जाएंगे।
- कैंट रोडवेज से अंधरापुल की ओर वाहन न आएंगे और न जाएंगे।
- भोजूबीर से सर्किट हाउस, वरुणा पुल होते हुए और मिंट हाउस की ओर से वाहन ताज होटल की ओर नहीं जाएंगे।
पीएम मोदी के डीएलडब्लू से बाबतपुर एयरपोर्ट जाने के दौरान
डीएलडब्लू से मंडुवाडीह चौराहा, लहरतारा चौराहा, कैंट रोडवेज, अंधरापुल चौराहा, नदेसर, कचहरी, भोजूबीर, गिलट बाजार पुलिस चौकी, शिवपुर, हरहुआ होते हुए बाबतपुर एयरपोर्ट तक वाहनोें के आने-जाने पर पाबंदी रहेगी। इस मार्ग पर मिलने वाले संपर्क मार्गों की ओर से भी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
ध्यान दें -
- रेलवे स्टेशन, बाबतपुर एयरपोर्ट और बस अड्डा जाने के लिए आम दिनों की अपेक्षा लगभग एक घंटे पहले निकलें।
- सुबह छह बजे से रात 11 बजे तक शहर में भारी वाहन नहीं प्रवेश करेंगे।
- मरीजों के वाहन एवं शव वाहन सभी प्रतिबंध से मुक्त रहेंगे।
- सभी प्रकार के वाहन पास निरस्त रहेंगे।
- रूट डायवर्जन जिन मार्गों पर है उनसे मिलने वाली गलियों पर भी यह लागू रहेगा।
गैर जनपद से आने वाली बसें यहां रुकेंगी
गाजीपुर से आने वाली बसों को आशापुर चौराहा, आजमगढ़ से आने वाली बसों को लालपुर पुलिस चौकी, जौनपुर से आनी वाली बसों को गिलट बाजार चौराहा, इलाहाबाद की ओर से आने वाली बसों को चांदपुर चौराहा और मिर्जापुर व चंदौली से आने वाले वाहनों को अमरा अखरा पुलिस चौकी के समीप रोक दिया जाएगा। जिन स्थानों पर बसों का रोका जाएगा वहीं से उनकी वापस रवानगी भी होगी।