मंडलायुक्त सभागार में सीएम से संवाद के दौरान शीला देवी
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के लाभार्थियों को धनराशि ऑनलाइन ट्रांसफर की। उन्होंने इस मौके पर वर्चुअल संवाद के जरिए लाभार्थियों से अलग-अलग योजनाओं में मिल रहे लाभ की भी जानकारी ली। वाराणसी निवासी लाभार्थी शीला देवी से बातचीत के दौरान सीएम ने सवाल किया कि आवास मिलने में कोई परेशानी तो नहीं हुई। किसी ने पैसा तो नहीं मांगा।
इस पर शीला देवी ने कहा कि किसी ने पैसा नहीं मांगा। आवास बनकर तैयार हो गया है और परिवार के साथ रहने भी लगे हैं। मुख्यमंत्री के पूछने पर शीला ने बताया कि वह फल-सब्जी का ठेला लगाती हैं। पहले उन्हें स्वनिधि योजना में 10 हजार रुपये मिला था, जिसे चुका दिया है। अब फिर 20 हजार रुपये ऋण मिला है। अच्छे से काम चल रहा है। प्रतिदिन 250 से 300 रुपये बचत हो जाती है।
इस पर सीएम योगी ने प्रसन्नता जाहिर करते हुए शीला से कहा कि आपने बिजनेस का मॉडल अपना लिया है। स्वावलंबन की जिंदगी जी रही हैं। आप अन्य लोगों के लिए आदर्श बन सकती हैं। अपनी तरह आसपास के लोगों को भी जोड़ें। शीला ने बताया कि उन्हें अन्य योजनाओं जैसे जीवन ज्योति, प्रधानमंत्री सुरक्षा योजना, जन-धन योजना, राशन कार्ड, आवास योजना का लाभ मिला है।
फल-सब्जी बेचने में डिजिटल पेमेंट लेने की जानकारी के बाद मुख्यमंत्री ने शीला देवी को बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि काशीवासी सौभाग्यशाली हैं कि उनके द्वारा चुने गए सांसद देश के प्रधानमंत्री हैं और इसका लाभ पूरी दुनिया उठा रही है।
मंडलायुक्त सभागार में आयोजित उक्त कार्यक्रम में मंत्री अनिल राजभर, मंत्री रविंद्र जायसवाल, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, विधायक सुरेंद्र नारायण सिंह ने प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के लाभार्थी सरिता, लालमणि, फुल कुमारी, नैना, लीलावती, हीरावती, शांति, राजकुमारी, रश्मि तथा स्वनिधि योजना के लाभार्थी शीला, सुभाष कुमार, माधुरी देवी, मीरा, शशि भूषण, अरविंद, नूर मोहम्मद व शशि को प्रमाण पत्र वितरित किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा, नगर आयुक्त, पीओ डूडा जया सिंह सहित अन्य गणमान्य नागरिक व काफी संख्या में आवास योजना व स्वनिधि योजना के लाभार्थी उपस्थित रहे।